भीलवाड़ा में खाद्य विभाग की बड़ी कार्रवाई, 515 किलो अवधिपार खाद्य सामग्री नष्ट

खबर को शेयर करे :-

भीलवाड़ा। दीपावली के त्योहार से पहले आमजन को शुद्ध और सुरक्षित खाद्य सामग्री उपलब्ध करवाने के लिए खाद्य सुरक्षा विभाग ने जिले में जांच अभियान तेज कर दिया है। जिला कलेक्टर जस्मीत सिंह संधू के निर्देश पर ‘शुद्ध आहार-मिलावट पर वार’ अभियान के तहत गुलाबपुरा के कृष्णा किराणा स्टोर और भीलवाड़ा के रेलवे स्टेशन रोड स्थित जैन बीकानेर के गोदाम पर कार्रवाई की गई। दोनों प्रतिष्ठानों से करीब 515 किलोग्राम अवधिपार खाद्य सामग्री मिलने पर उसे मौके पर ही नष्ट करवाया गया। साथ ही खाद्य पदार्थों के नमूने लेकर जांच के लिए प्रयोगशाला भेजे गए।

कृष्णा किराणा स्टोर पर 15 किलो अवधिपार सामग्री मिली

मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. संजीव कुमार शर्मा की मौजूदगी में खाद्य सुरक्षा विभाग की टीम ने गुलाबपुरा स्थित कृष्णा किराणा स्टोर का निरीक्षण किया। इस दौरान करीब 15 किलोग्राम अवधिपार तेल, मसाले, बादाम सहित अन्य खाद्य सामग्री मिली। टीम ने नियमानुसार सामग्री को मौके पर ही नष्ट करवाया। इसके साथ ही जेके ब्रांड के धनिया पाउडर का नमूना लेकर जांच के लिए भेजा गया। कार्रवाई के दौरान खाद्य सुरक्षा अधिकारी अशोक यादव मौजूद रहे।

जैन बीकानेर के गोदाम में 500 किलो अवधिपार सामग्री

डिप्टी सीएमएचओ डॉ. दिलराज मीणा के निर्देशन में खाद्य सुरक्षा विभाग की टीम ने रेलवे स्टेशन रोड स्थित जैन बीकानेर के गोदाम का औचक निरीक्षण किया। जांच के दौरान करीब 500 किलोग्राम अवधिपार खाद्य सामग्री मिली। इसमें सोहन पपड़ी, पेप्सी, रसगुल्ले, खजूर, राजभोग और सॉस की बोतलों सहित अन्य खाद्य पदार्थ शामिल थे। टीम ने पूरी सामग्री को मौके पर ही नष्ट करवाया।

निरीक्षण के दौरान जैन श्री ब्रांड की केसर बाटी का नमूना भी लिया गया, जिसे गुणवत्ता की जांच के लिए अजमेर स्थित प्रयोगशाला भेजा गया है। कार्रवाई के दौरान खाद्य सुरक्षा अधिकारी नीरज मीणा, अंकित शर्मा, संजय वर्मा सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे।

त्योहार पर खाद्य गुणवत्ता की जांच जारी

सीएमएचओ डॉ. संजीव कुमार शर्मा ने बताया कि दीपावली के मद्देनजर बाजारों, दुकानों और गोदामों का लगातार निरीक्षण किया जा रहा है। अभियान का उद्देश्य आमजन को सुरक्षित एवं गुणवत्तापूर्ण खाद्य सामग्री उपलब्ध करवाना तथा अवधिपार खाद्य पदार्थों की बिक्री और खाद्य सुरक्षा मानकों के उल्लंघन पर नियमानुसार कार्रवाई करना है।

उन्होंने आमजन से खाद्य सामग्री खरीदते समय पैकेट पर अंकित निर्माण तिथि, उपयोग की अंतिम तिथि, पैकिंग और गुणवत्ता की जांच करने की अपील की। खाद्य पदार्थों में मिलावट या खाद्य सुरक्षा संबंधी अनियमितता की सूचना जिला स्तरीय कंट्रोल रूम के दूरभाष नंबर 01482-232643 पर दी जा सकती है, ताकि समय रहते आवश्यक कार्रवाई की जा सके।

खबर को शेयर करे :-
KP Times
KP Times
KP Times App
खबरें पढ़ें सीधे हमारे Android App पर
APP डाउनलोड