जलझूलनी एकादशी पर ठाकुर जी का भव्य नगर भ्रमण

खबर को शेयर करे :-

ढोल-बैंड और भजनों की धुन पर झूमे श्रद्धालु, जगह-जगह हुआ भव्य स्वागत

भीलवाड़ा। जलझूलनी एकादशी के पावन अवसर पर श्री चारभुजानाथ मृत्युंजय महादेव हठीले हनुमान मंदिर, संतोष कॉलोनी, अक्षरम रिसोर्ट रोड से मंगलवार को ठाकुर जी का भव्य बेवान नगर भ्रमण निकाला गया। इस अवसर पर श्रद्धालुओं में विशेष उत्साह देखने को मिला।

मीडिया प्रभारी मनोज व्यास ने बताया कि ठाकुर जी का बेवान दोपहर 3.15 बजे मंदिर परिसर से रवाना हुआ। विभिन्न मार्गों से होते हुए ठाकुर जी ने नगर भ्रमण किया। शोभायात्रा में श्रद्धालु ढोल-बैंड एवं भजनों की धुन पर नाचते-गाते और जयकारे लगाते हुए उत्साहपूर्वक शामिल हुए।

समिति अध्यक्ष श्री गोविंद पारीक ने बताया कि नगर भ्रमण के दौरान जगह-जगह श्रद्धालुओं एवं धर्मप्रेमी लोगों द्वारा ठाकुर जी का भव्य स्वागत किया गया तथा आरती उतारी गई। श्रद्धालुओं ने भगवान के दर्शन किए,पूरे मार्ग में भक्तिमय वातावरण बना रहा। जगह जगह भक्तों ने खीर, शरबत, फल मिठाई वितरित की।

मंदिर समिति के सचिव एडवोकेट तेजेन्द्र सिंह शक्तावत ने बताया कि नगर भ्रमण के पश्चात ठाकुर जी सायंकाल आरती के समय पुनः निज मंदिर पधारे। मंदिर परिसर में श्रद्धालुओं ने आरती में भाग लेकर ठाकुर जी के दर्शन किए। इसके पश्चात श्रद्धालुओं को प्रसाद वितरित किया गया।

जलझूलनी एकादशी के अवसर पर मंदिर को विशेष रूप से आकर्षक ढंग से सजाया गया था। आयोजन में मंदिर समिति के पदाधिकारियों, सदस्यों एवं बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने सहभागिता निभाई।

खबर को शेयर करे :-