कलेक्टरी परिसर में आत्मदाह के प्रयास से मचा हड़कंप

खबर को शेयर करे :-

विशेष शाखा की टीम और कोतवाली के आसूचना अधिकारी की तत्परता से टला बड़ा हादसा

भीलवाड़ा। कलेक्टरी परिसर में गुरुवार को उस समय हड़कंप मच गया, जब भूखंड के लेन-देन को लेकर चल रहे विवाद के बीच पुलिस लाइन में रहने वाले एक युवक ने कथित तौर पर खुद पर पेट्रोल डालकर आत्मदाह का प्रयास किया।

घटना के दौरान मौके पर मौजूद जिला विशेष शाखा के राजेश पारीक एवं एएसआई अरविंद पारीक की नजर युवक पर पड़ गई। दोनों ने तत्काल सक्रियता दिखाते हुए युवक को पकड़ लिया और उसे आत्मदाह करने से रोक दिया। वहीं कोतवाली थाने के आसूचना अधिकारी समय सिंह ने भी मौके पर पहुंचकर स्थिति को संभालने में तत्परता दिखाई।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, भूखंड के लेन-देन को लेकर दो पक्षों के बीच विवाद चल रहा है। मामले में गांधीनगर थाने में दोनों पक्षों की ओर से प्रकरण दर्ज होने की जानकारी सामने आई है।

पुलिसकर्मियों की समय रहते दिखाई गई सतर्कता के चलते युवक को आत्मदाह करने से रोक लिया गया, जिससे बड़ा हादसा टल गया। घटना के बाद कलेक्टरी परिसर में कुछ समय के लिए अफरा-तफरी का माहौल बना रहा।

पुलिस मामले से जुड़े तथ्यों की जांच कर रही है।

खबर को शेयर करे :-