दीपावली से पहले भीलवाड़ा में होंगे 10 करोड़ रुपये के विकास कार्य, सड़क, नाली और रोशनी व्यवस्था पर जोर

खबर को शेयर करे :-

विधायक अशोक कुमार कोठारी के प्रयासों से राज्य वित्त आयोग मद से मिली स्वीकृति, नगर निगम कराएगा कार्य

भीलवाड़ा। दीपावली से पहले भीलवाड़ा शहर की सड़कों, नालियों, सफाई और रोशनी व्यवस्था में सुधार के लिए 10 करोड़ रुपये के विकास कार्यों को स्वीकृति मिली है। विधायक अशोक कुमार कोठारी के प्रयासों से राज्य वित्त आयोग मद से स्वीकृत इन कार्यों को नगर निगम भीलवाड़ा की ओर से करवाया जाएगा। इनसे शहर के विभिन्न वार्डों और प्रमुख सार्वजनिक स्थलों पर बुनियादी सुविधाओं को बेहतर बनाने पर जोर दिया जाएगा।

विधायक अशोक कुमार कोठारी ने बताया कि नगर निगम चुनाव से पहले ही इन विकास कार्यों को मंजूरी मिल गई थी, लेकिन चुनाव आचार संहिता लागू होने के कारण कार्य शुरू नहीं हो सके। अब इन कार्यों को प्रारंभ करवाने की दिशा में कदम उठाए जा रहे हैं, ताकि दीपावली से पहले शहर की प्रमुख सड़कों, कॉलोनियों और सार्वजनिक स्थलों की व्यवस्थाओं में सुधार किया जा सके।

सड़क निर्माण और मरम्मत पर विशेष जोर

स्वीकृत कार्यों में सड़क निर्माण और मरम्मत को प्राथमिकता दी गई है। नगर निगम के चारों जोन में सड़क निर्माण पर कुल 1 करोड़ 19 लाख रुपये खर्च किए जाएंगे। रेलवे लाइन के पूर्वी और पश्चिमी क्षेत्रों में सड़क पेंचवर्क पर 80.50 लाख रुपये व्यय होंगे।

इसके अलावा आजाद चौक क्षेत्र में सीसी सड़क निर्माण पर 25 लाख, वैभव नगर में 20 लाख, कांवा खेड़ा में 25 लाख और चंद्रशेखर आजाद नगर में सीसी सड़क निर्माण पर 30 लाख रुपये खर्च किए जाएंगे।

पशु चिकित्सालय परिसर एवं आसपास के क्षेत्र में 15 लाख, उपनगर पुर की हरिजन बस्ती में 25 लाख, सांगानेर की गाड़िया लोहार बस्ती में 44 लाख, नागौरी गार्डन में 25 लाख और माणिक्य नगर में सड़क निर्माण पर 35 लाख रुपये का प्रावधान किया गया है। गार्गी हॉस्पिटल से भीमगंज थाने तक सड़क निर्माण पर 22 लाख रुपये खर्च होंगे।

पांसल चौराहे से पुर रोड तक पेवर रोड निर्माण के लिए 25 लाख और रेलवे स्टेशन से कलेक्टर निवास तक पेवर रोड निर्माण के लिए 30 लाख रुपये निर्धारित किए गए हैं। वहीं, श्याम विहार, गांधी नगर और विवेकानंद नगर में सीसी सड़क निर्माण पर 45 लाख रुपये खर्च किए जाएंगे।

नालियों और बड़े नालों की मरम्मत से सुधरेगी जल निकासी

शहर में जल निकासी व्यवस्था को बेहतर बनाने के लिए विभिन्न क्षेत्रों में नालियों, नाली क्रॉसिंग और बड़े नालों की मरम्मत के कार्य करवाए जाएंगे।

वार्ड संख्या 20 से 29 तथा 39 से 44 में आवश्यकता के अनुसार नाली क्रॉसिंग निर्माण पर 13 लाख रुपये खर्च होंगे। आयकर कार्यालय के पास नाली एवं सीसी पटरी निर्माण के लिए 3.16 लाख रुपये निर्धारित किए गए हैं।

मुरली विलास रोड, इंदिरा मार्केट, महारानी ट्रेड सेंटर, प्रताप टॉकीज, हरि सेवा धाम, सेवा सदन रोड और नागौरी गार्डन क्षेत्र में नाली क्रॉसिंग एवं निर्माण कार्यों पर 29.30 लाख रुपये खर्च किए जाएंगे। बड़े नालों की मरम्मत पर 10 लाख, पश्चिमी क्षेत्र में नालियों एवं क्रॉसिंग के निर्माण और मरम्मत पर 22.50 लाख तथा शास्त्री नगर क्षेत्र में बड़े नालों की मरम्मत पर 10.90 लाख रुपये व्यय होंगे।

चंद्रशेखर आजाद नगर, घरौंदा कॉलोनी, वकील कॉलोनी, एफसीआई गोदाम के पास और सुभाष नगर में नाली निर्माण पर 60 लाख रुपये खर्च किए जाएंगे। इसके अलावा शहर के सभी वार्डों में नाली एवं क्रॉसिंग निर्माण तथा फेरोकवर लगाने के लिए 70 लाख रुपये का प्रावधान किया गया है।

सफाई और सार्वजनिक सुविधाओं पर भी खर्च होंगे लाखों रुपये

शहर की स्वच्छता व्यवस्था को मजबूत करने के लिए सार्वजनिक मूत्रालयों की मरम्मत एवं रंगरोगन पर 6 लाख रुपये और सामुदायिक एवं सार्वजनिक शौचालयों की मरम्मत एवं रंगरोगन पर 21.55 लाख रुपये खर्च किए जाएंगे।

कचरा संग्रहण स्थलों पर चारदीवारी और सीसी प्लेटफॉर्म निर्माण के लिए 20 लाख रुपये निर्धारित किए गए हैं। वहीं, सीवरेज मैनहोल को सड़क के स्तर के अनुरूप करने पर 20 लाख रुपये खर्च होंगे। इससे सड़क पर आवागमन को सुगम बनाने में मदद मिलेगी।

रोडलाइट और यातायात सुरक्षा पर भी ध्यान

शहर के विभिन्न क्षेत्रों में रोडलाइट पोल और लाइट लगाने के लिए 60 लाख रुपये खर्च किए जाएंगे। गांधी सागर रोड पर रोडलाइट एवं ऑक्टागोनल पोल लगाने के लिए 30.29 लाख रुपये का प्रावधान किया गया है।

इसके अतिरिक्त विभिन्न क्षेत्रों में स्प्रिंग पोस्ट और थर्मोप्लास्टिक रम्बल स्ट्रिप लगाने पर 10 लाख रुपये खर्च किए जाएंगे। इन कार्यों से सड़क सुरक्षा और यातायात व्यवस्था को बेहतर बनाने में मदद मिलने की उम्मीद है।

विधायक बोले—बेहतर बुनियादी सुविधाएं उपलब्ध करवाना प्राथमिकता

विधायक अशोक कुमार कोठारी ने कहा कि शहरवासियों को बेहतर बुनियादी सुविधाएं उपलब्ध करवाना उनकी प्राथमिकता है। दीपावली से पहले सड़क, सफाई, रोशनी और जल निकासी से जुड़े कार्यों को गति देकर शहर की व्यवस्थाओं को अधिक सुचारू बनाने का प्रयास किया जा रहा है।

उन्होंने विश्वास जताया कि इन विकास कार्यों से विभिन्न वार्डों के नागरिकों को राहत मिलेगी और शहर की सुंदरता में भी वृद्धि होगी।

खबर को शेयर करे :-
KP Times
KP Times
KP Times App
खबरें पढ़ें सीधे हमारे Android App पर
APP डाउनलोड