10 अक्टूबर को आयोजित होगी वर्ष 2026 की तृतीय राष्ट्रीय लोक अदालत
भीलवाड़ा, 26 सितंबर। राजस्थान राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण, जयपुर के निर्देशानुसार 10 अक्टूबर 2026, शनिवार को आयोजित होने वाली वर्ष 2026 की तृतीय राष्ट्रीय लोक अदालत को सफल बनाने के लिए जिला विधिक सेवा प्राधिकरण की सचिव रश्मि आर्या ने शनिवार को भीलवाड़ा जिले के न्यायिक अधिकारियों के साथ बैठक की। जिला एवं सेशन न्यायाधीश अभय जैन के निर्देशानुसार आयोजित बैठक ऑफलाइन एवं ऑनलाइन वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से हुई।
बैठक में राष्ट्रीय लोक अदालत की तैयारियों और अधिक से अधिक प्रकरणों के निस्तारण को लेकर विस्तृत चर्चा की गई। सचिव रश्मि आर्या ने न्यायिक अधिकारियों को न्यायालयों में लंबित प्रकरणों का प्राथमिकता के आधार पर निस्तारण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
उन्होंने कहा कि राष्ट्रीय लोक अदालत के उद्देश्य की पूर्ति के लिए सभी पीठासीन अधिकारी योजनाबद्ध तरीके से कार्य करें और प्रत्येक तारीख पेशी पर प्रकरणों में प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित करें।
रश्मि आर्या ने न्यायिक अधिकारियों को आगामी राष्ट्रीय लोक अदालत के लिए अधिक से अधिक राजीनामा योग्य प्रकरण चिन्हित करने तथा ऐसे मामलों में प्री-काउंसलिंग के माध्यम से पक्षकारों को आपसी सहमति और राजीनामे के लिए प्रेरित करने के निर्देश दिए।
उन्होंने अधिवक्ताओं एवं पक्षकारों के बीच आपसी सहमति स्थापित कर प्रकरणों का शीघ्र और सौहार्दपूर्ण निस्तारण कराने के लिए निरंतर प्रयास करने पर भी जोर दिया।
सचिव रश्मि आर्या ने कहा कि लोक अदालत आमजन को त्वरित, सुलभ और कम खर्चीला न्याय उपलब्ध कराने का प्रभावी माध्यम है। उन्होंने राष्ट्रीय लोक अदालत में अधिकाधिक प्रकरणों के निस्तारण के लिए सभी संबंधित अधिकारियों से समन्वित एवं प्रभावी प्रयास करने का आह्वान किया।
