गुलाबपुरा में मोबाइल टावर पर चढ़े दो युवक, अष्टधातु की शिव प्रतिमा बरामद करने की मांग

खबर को शेयर करे :-

गुलाबपुरा। राष्ट्रीय राजमार्ग-48 पर जालखेड़ा चौराहे के पास शनिवार सुबह उस समय हड़कंप मच गया, जब दो युवक मोबाइल टावर पर चढ़ गए। घटना की सूचना मिलते ही मौके पर लोगों की भीड़ जमा हो गई और पुलिस भी मौके पर पहुंची।

जानकारी के अनुसार, मामला नंगाजी का खेड़ा (जालखेड़ा चौराहा) स्थित भोलेनाथ की अष्टधातु की प्रतिमा चोरी होने से जुड़ा बताया जा रहा है। टावर पर चढ़े दोनों युवक चोरी गई शिव प्रतिमा को वापस लाने और मामले में कार्रवाई की मांग कर रहे हैं।

ग्रामीणों का कहना है कि प्रतिमा चोरी के मामले में पुलिस कार्रवाई को लेकर नाराजगी है। इसी को लेकर शुक्रवार को ग्रामीणों ने मुख्यमंत्री के नाम एसडीएम को ज्ञापन सौंपकर कार्रवाई की मांग की थी।

टावर पर युवकों के चढ़ने की सूचना के बाद पुलिस मौके पर पहुंची और उन्हें सुरक्षित नीचे उतारने के प्रयास किए जा रहे हैं। घटना के चलते मौके पर बड़ी संख्या में ग्रामीणों की भीड़ जमा हो गई।

फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जानकारी जुटा रही है। अष्टधातु की शिव प्रतिमा चोरी के मामले में आगे की कार्रवाई पर क्षेत्रवासियों की नजर बनी हुई है।

खबर को शेयर करे :-