विधवा वृद्धा के मकान का ताला तोड़कर कब्जे की कोशिश, विधायक व डीएसपी से लगाई गुहार

खबर को शेयर करे :-

बेटी से मिलने गई थी महिला, लौटकर आई तो टूटा मिला ताला

जहाजपुर (मोहम्मद आज़ाद नेब)। खजूरी निवासी विधवा एवं वृद्ध महिला मनफूल देवी पत्नी प्रभुलाल शर्मा ने मकान का ताला तोड़कर जबरन कब्जा करने की कोशिश का आरोप लगाया है। महिला ने पुलिस उपाधीक्षक रेवड़मल मोर्य को परिवाद देकर मामले में जांच कर कार्रवाई की मांग की है।

परिवाद के अनुसार मनफूल देवी अकेली रहती हैं और प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत स्वीकृत मकान में निवास कर रही हैं। मकान पर बिजली का कनेक्शन भी उनके नाम से बताया गया है। पुत्र नहीं होने के कारण वह अधिकतर समय अपनी पुत्री उमा देवी के पास रहती हैं, जबकि गांव खजूरी स्थित अपने मकान पर भी उनका आना-जाना रहता है।

महिला ने बताया कि 26 सितंबर को दोपहर वह अपनी बेटी और नातिन के साथ बेटी के घर गई थीं। वापस लौटने पर मकान का ताला टूटा हुआ मिला और उसके ऊपर दूसरा ताला लगा हुआ था। आसपास के लोगों से जानकारी लेने पर कथित तौर पर उन्हें बताया गया कि सुबह कृष्णगोपाल राव, संजय पारीक, पिता कैलाश पारीक निवासी खजूरी सहित कुछ अन्य लोग वहां आए थे। आरोप है कि उन्होंने मकान का ताला तोड़कर कब्जा करने की नीयत से दूसरा ताला लगा दिया।

वृद्धा ने परिवाद में आशंका जताई कि मकान में प्रवेश के दौरान उसके जेवरात और अन्य सामान भी निकाला गया हो सकता है। उन्होंने आरोप लगाया कि अकेली महिला होने का फायदा उठाकर मकान पर कब्जा करने का प्रयास किया गया।

मनफूल देवी ने पुलिस उपाधीक्षक से मकान का ताला तोड़े जाने, कथित कब्जे के प्रयास और घर से सामान ले जाने के आरोपों की जांच कर उचित कानूनी कार्रवाई की मांग की है।

वहीं, वृद्ध महिला ने विधायक जन संवाद केंद्र पहुंचकर विधायक गोपीचंद मीणा से भी मुलाकात की और मामले में राहत दिलाने की मांग रखी।

फिलहाल महिला की ओर से लगाए गए आरोपों की पुलिस जांच के बाद ही पूरे मामले की स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।

खबर को शेयर करे :-