तीन दिन में आरोपी की गिरफ्तारी की मांग, कार्रवाई नहीं होने पर आंदोलन तेज करने की चेतावनी
भीलवाड़ा। अधिवक्ता गोविंद मानमिया पर हुए चाकू से जानलेवा हमले के विरोध में जिला अभिभाषक संस्था के बैनर तले अधिवक्ताओं ने पुलिस अधीक्षक को ज्ञापन सौंपकर आरोपी की शीघ्र गिरफ्तारी की मांग की। जिला अभिभाषक संस्था अध्यक्ष उम्मेदसिंह राठौड़ के नेतृत्व में उपाध्यक्ष महिपाल सिंह राणावत, महासचिव पंकज दाधीच सहित सैकड़ों अधिवक्ता प्रदर्शन में शामिल हुए।
अध्यक्ष उम्मेदसिंह राठौड़ ने बताया कि 1 अक्टूबर की शाम करीब 8:30 से 9 बजे के बीच अधिवक्ता गोविंद मानमिया अजमेर चौराहे से आ रहे थे। इसी दौरान स्कूटर सवार एक व्यक्ति ने कथित रूप से उनके साथ लूटपाट का प्रयास किया। अधिवक्ता द्वारा बचाव का प्रयास करने पर आरोपी ने जेब से चाकू निकालकर उन पर हमला कर दिया। हमले में गोविंद मानमिया गंभीर रूप से घायल हो गए। मौके पर मौजूद लोगों ने उन्हें उपचार के लिए महात्मा गांधी चिकित्सालय पहुंचाया।
घटना के बाद अधिवक्ता गोविंद मानमिया ने सुभाष नगर थाने में आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज कराया। पुलिस के अनुसार प्रकरण क्रमांक 326/2026 दर्ज है। अधिवक्ताओं का कहना है कि घटना से संबंधित वीडियो पुलिस को उपलब्ध करवाए जाने के बावजूद आरोपी की गिरफ्तारी नहीं होने से अधिवक्ता समुदाय में रोष है।
ज्ञापन के दौरान अधिवक्ताओं ने आरोपी को जल्द गिरफ्तार करने की मांग की। अध्यक्ष उम्मेदसिंह राठौड़ ने चेतावनी दी कि यदि तीन दिन के भीतर आरोपी की गिरफ्तारी नहीं हुई तो अधिवक्ता समुदाय की ओर से आंदोलन तेज किया जाएगा। उन्होंने कहा कि इसकी जिम्मेदारी प्रशासन की होगी।
पुलिस अधीक्षक ने अधिवक्ताओं से ज्ञापन लेकर उन्हें आश्वस्त किया कि आरोपी की जल्द से जल्द गिरफ्तारी के लिए कार्रवाई की जाएगी।
इस दौरान पूर्व अध्यक्ष हेमेंद्र शर्मा, मोहम्मद फरजन, राजेश शर्मा, रमेशचंद शर्मा, भूपेंद्र सिंह चारण, रामेश्वर लाल जाट, नीरज गुर्जर, भानुप्रताप कोली, भारत सिंह कानावत, तनवीर खान, नितिनपाल सिंह, पवन आचार्य, सुरेशचंद्र पालीवाल, गोपाल सोनी, सीताराम सोनी, भीमराज कोली, पुनीत शर्मा, विशाल गौतम, प्रकाश सारस्वत, नौनिहाल सिंह, संजय रांका, प्रताप सिंह, अनिल पारीक, नवीन चेचानी, पुष्पेंद्र सिंह, सरिता स्वर्णकार, निशा राजपूत, पूजा शर्मा, रेशमा खान, पूजा सोनी, कौशल्या ग्वाला, बालुलाल उपाध्याय, महेश प्रजापत, शरद शुक्ला सहित बड़ी संख्या में अधिवक्ता मौजूद रहे।
गर्दन पर किया चाकू से वार
जानकारी के अनुसार, गुरुवार रात अधिवक्ता गोविंद माणनिया मोटरसाइकिल से सिविल लाइंस क्षेत्र से गुजर रहे थे। इसी दौरान स्कूटी सवार एक अज्ञात युवक ने उनका रास्ता रोक लिया। आरोप है कि युवक ने अचानक चाकू से उन पर हमला कर दिया।
हमलावर ने गर्दन पर वार करने की कोशिश की। बचाव में अधिवक्ता ने हाथ आगे कर दिया, जिससे चाकू गर्दन के बजाय हाथ में लगा। गहरा घाव होने से काफी खून बह गया और वह मौके पर ही अचेत होकर गिर पड़े। बाद में उन्हें उपचार के लिए महात्मा गांधी अस्पताल पहुंचाया गया।
हमले के बाद फरार हुआ आरोपी
वारदात के बाद आरोपी स्कूटी से मौके से फरार हो गया। सूचना मिलने पर पुलिस ने नाकेबंदी कर आरोपी की तलाश शुरू की। प्रारंभिक जांच में पुलिस की ओर से लूट के इरादे की आशंका भी जताई गई है, हालांकि हमले के वास्तविक कारण और आरोपी की पहचान को लेकर जांच जारी है।
अस्पताल पहुंचकर वकीलों ने जताया रोष
घटना की सूचना मिलते ही बड़ी संख्या में अधिवक्ता अस्पताल पहुंचे और घायल वकील से मुलाकात की। जिला बार पदाधिकारियों और साथी अधिवक्ताओं ने घटना पर नाराजगी जताते हुए आरोपी की जल्द गिरफ्तारी की मांग की।
एसपी कार्यालय के बाहर प्रदर्शन के दौरान अधिवक्ताओं ने पुलिस से मामले में तेजी से कार्रवाई करने और शहर में अधिवक्ताओं की सुरक्षा सुनिश्चित करने की मांग उठाई। तीन दिन में कार्रवाई नहीं होने पर आंदोलन तेज करने की चेतावनी दी गई।
पुलिस के सामने आरोपी तक पहुंचने की चुनौती
फिलहाल पुलिस आरोपी की पहचान और गिरफ्तारी के प्रयास में जुटी है। घटना के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज सहित अन्य संभावित सुरागों के आधार पर जांच आगे बढ़ाई जा रही है। मामले में पुलिस की कार्रवाई के बाद ही हमले के पीछे की वास्तविक वजह स्पष्ट हो सकेगी।
