चिकित्सा संस्थानों का नियमित निरीक्षण कर स्वास्थ्य सेवाओं की गुणवत्ता एवं प्रगति में करें सुधार चिकित्सक– सीएमएचओ डॉ. शर्मा
भीलवाड़ा। जिला कलेक्टर श्री जसमीत सिंह संधू के निर्देशानुसार जिला स्वास्थ्य समिति की मासिक समीक्षा बैठक शुक्रवार को आईएमए हॉल में मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. संजीव कुमार शर्मा की अध्यक्षता में आयोजित हुई। बैठक में जिले में संचालित विभिन्न राष्ट्रीय स्वास्थ्य कार्यक्रमों एवं योजनाओं की प्रगति की समीक्षा कर चिकित्सा अधिकारियों को निर्धारित लक्ष्य समयबद्ध रूप से पूर्ण करने के निर्देश दिए गए।
सीएमएचओ डॉ. शर्मा ने जिला स्वास्थ्य समिति की बैठक को संबोधित करते हुए एचपीवी वैक्सीनेशन के लक्ष्य पूरे करने, हाई रिस्क प्रेगनेंसी की समय पर पहचान एवं उपचार, गर्भवती महिलाओं को 104 एवं 108 एंबुलेंस सेवाओं का लाभ दिलाने, आयुष्मान भारत डिजिटल मिशन के तहत ऑनलाइन पंजीयन तथा एनसीडी कार्यक्रम की प्रगति बढ़ाने पर विशेष जोर दिया। उन्होंने अधिकारियों को नियमित रूप से चिकित्सा संस्थानों का निरीक्षण करने, निर्धारित समय पर अधिकारियों एवं कार्मिकों की उपस्थिति सुनिश्चित करने तथा बिना अनुमति मुख्यालय नहीं छोड़ने के निर्देश दिए।
अति. सीएमएचओ डॉ. रामकेश गुर्जर ने परिवार कल्याण सेवाओं, पीपीआईयूसीडी, एनीमिया मुक्त राजस्थान अभियान एवं शक्ति दिवस की समीक्षा कर कम प्रगति वाले ब्लॉकों को विशेष प्रयासों से सुधार करने तथा स्कूलों में आयरन टेबलेट वितरण का कवरेज बढ़ाने के निर्देश दिए।
डीडीडब्ल्यूएच डॉ. अशोक खटवानी ने निशुल्क दवा एवं जांच योजना की प्रगति और समयबद्ध ऑनलाइन रिपोर्टिंग सुनिश्चित करने, जबकि जिला क्षय रोग नियंत्रण अधिकारी डॉ. प्रदीप कटारिया ने टीबी मुक्त भारत अभियान के तहत जागरूकता एवं टीपीटी कवरेज बढ़ाने की जानकारी दी।
बैठक में डीपीसी मा योजना प्रदीप दाधीच ने आयुष्मान भारत डिजिटल मिशन के तहत एचपी आईडी निर्माण तथा पीएम राहत योजना के अंतर्गत सड़क दुर्घटना पीड़ितों को कैशलेस उपचार का लाभ दिलाने की प्रक्रिया की जानकारी दी।
बैठक में डॉ. दिलराज मीणा, समस्त ब्लॉक मुख्य चिकित्सा अधिकारी, चिकित्सा अधिकारी प्रभारी एवं सीएमएचओ कार्यालय के विभिन्न अनुभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।
