भीलवाड़ा। टेक्सटाइल मार्केट में खेल प्रतिभाओं को मंच प्रदान करने और खिलाड़ियों के बीच आपसी भाईचारे एवं खेल भावना को मजबूत करने के उद्देश्य से डी ब्लॉक प्रीमियम लीग (डीबीपीएल) सीजन-2 क्रिकेट टूर्नामेंट का आयोजन किया गया। रविवार को एल-2 सी ग्राउंड, शास्त्री नगर में आयोजित डे-नाइट क्रिकेट प्रतियोगिता में खिलाड़ियों ने शानदार प्रदर्शन करते हुए मुकाबलों को रोमांचक बना दिया।
डीबीपीएल के कार्यक्रम संचालक नरेन्द्र पिचा ने बताया कि टेक्सटाइल मार्केट में इस तरह का क्रिकेट टूर्नामेंट दूसरी बार आयोजित किया गया है। कार्यक्रम की शुरुआत दीप प्रज्ज्वलन के साथ हुई। इसके बाद नगर निगम भीलवाड़ा के उपमहापौर राधेश्याम सोमानी ने खिलाड़ियों से मुलाकात कर उनका उत्साहवर्धन किया और प्रतियोगिता का शुभारंभ किया।
प्रतियोगिता के दौरान खिलाड़ियों ने अपनी खेल प्रतिभा का शानदार प्रदर्शन किया। डे-नाइट मैचों ने मैदान पर मौजूद खिलाड़ियों के साथ-साथ दर्शकों में भी खासा उत्साह बनाए रखा। आयोजन के दौरान खिलाड़ियों एवं उपस्थितजनों का परिचय भी कराया गया।
फाइनल मुकाबला बेहद रोमांचक रहा। नाइस ब्लास्टर के कप्तान निशांत जैन के नेतृत्व में टीम ने शानदार खेल का प्रदर्शन करते हुए खिताब अपने नाम किया। फाइनल में टीम के खिलाड़ियों ने बेहतरीन तालमेल और खेल भावना का परिचय दिया।
प्रतियोगिता में दर्शन पींचा को मैन ऑफ द मैच और बेस्ट बॉलर का पुरस्कार मिला। वहीं अवधेश चेचाणी को मैन ऑफ द सीरीज और बेस्ट बैट्समैन चुना गया।
आयोजन में निशांत जैन, अंकित अग्रवाल, हिमांशु ओस्तवाल, अभिषेक अग्रवाल, प्रमोद सहित अन्य गणमान्यजन मौजूद रहे। प्रतियोगिता के सफल आयोजन से टेक्सटाइल मार्केट से जुड़े खिलाड़ियों और खेल प्रेमियों में उत्साह देखने को मिला।
