गुंडली गांव में तेंदुए का सुरक्षित रेस्क्यू, उपचार के बाद स्थिति स्थिर

खबर को शेयर करे :-

वन विभाग की निगरानी में उपचार जारी, विशेषज्ञ पशु चिकित्सकों से लिया गया परामर्श

भीलवाड़ा, 18 सितंबर। भीलवाड़ा तहसील के गुंडली गांव में तेंदुआ दिखाई देने और पकड़े जाने की सूचना पर वन विभाग की रेस्क्यू टीम तत्काल मौके पर पहुंची। टीम ने तेंदुए का सुरक्षित रेस्क्यू कर उसे राजकीय पशु चिकित्सालय, भीलवाड़ा पहुंचाया, जहां उसका प्राथमिक उपचार किया गया।

प्राथमिक उपचार के बाद तेंदुए को वन विभाग के रेंज कार्यालय परिसर में लाया गया। यहां वन विभाग की निगरानी में उसके उपचार और देखभाल की व्यवस्था की गई है।

तेंदुए की चिकित्सकीय स्थिति को देखते हुए वन विभाग ने कोटा जू की विशेषज्ञ पशु चिकित्सकीय टीम से भी परामर्श लिया। आवश्यक उपचार एवं दवाएं दिए जाने के बाद तेंदुए के वाइटल पैरामीटर्स में सुधार हुआ है। वर्तमान में उसकी स्थिति स्थिर बताई गई है। आगामी दिनों में भी विशेषज्ञ पशु चिकित्सकों की निगरानी में तेंदुए का चिकित्सकीय परीक्षण और उपचार जारी रहेगा।

वन्यजीवों से दूरी बनाए रखने की अपील

जिला उपवन संरक्षक मारिया शाइन ने आमजन एवं ग्रामीणों से अपील की है कि वन्यजीव दिखाई देने पर उसके पास जाने, उसे घेरने, पीछा करने या उकसाने का प्रयास न करें। साथ ही स्वयं वन्यजीव को पकड़ने की कोशिश न करते हुए तत्काल वन विभाग को सूचना दें।

उन्होंने कहा कि प्रशिक्षित वनकर्मियों द्वारा वन्यजीव और आमजन की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए आवश्यक कार्रवाई की जाएगी। वन्यजीवों से संबंधित वायरल वीडियो को साझा या प्रसारित नहीं करने की भी अपील की गई है।

वन्यजीव से संबंधित किसी भी सूचना या सहायता के लिए वन विभाग की 24×7 हेल्पलाइन नंबर 1926 पर संपर्क किया जा सकता है।

खबर को शेयर करे :-
KP Times
KP Times
KP Times App
खबरें पढ़ें सीधे हमारे Android App पर
APP डाउनलोड