भीलवाड़ा (मंगरोप), 9 अक्टूबर। राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय, मंगरोप में करुणा केंद्र भीलवाड़ा के सौजन्य से करुणा क्लब की स्थापना की गई। इस अवसर पर जरूरतमंद 101 छात्र-छात्राओं को स्कूल बैग तथा 75 विद्यार्थियों को निशुल्क मोजे वितरित किए गए। कार्यक्रम के दौरान विद्यार्थियों को प्राणी मात्र के प्रति दया, सेवा और करुणा का भाव रखने की शपथ भी दिलाई गई।
कार्यक्रम की मुख्य अतिथि करुणा केंद्र की कार्यकारी अध्यक्ष निर्मला सिंघवी थीं, जबकि अध्यक्षता राष्ट्रीय लोक अदालत के सदस्य शांतिलाल जैन ने की। विशिष्ट अतिथियों के रूप में करुणा केंद्र के अध्यक्ष घनश्याम कास्ट, महामंत्री प्रेम शंकर जोशी और समाजसेविका सुनीता मेवाड़ा उपस्थित रहीं। विद्यालय के प्रधानाचार्य राजेश वैष्णव ने अतिथियों का स्वागत किया।
समारोह में वक्ताओं ने ‘शाकाहार सर्वोत्तम आहार’ का संदेश देते हुए विद्यार्थियों को जीव-जंतुओं के प्रति संवेदनशील रहने, पेड़-पौधों एवं प्रकृति का संरक्षण करने और पीड़ित मानवता की सेवा के लिए प्रेरित किया। उन्होंने कहा कि सभी जीवों के प्रति करुणा और दया का भाव रखना मानवीय मूल्यों का महत्वपूर्ण हिस्सा है।
इस दौरान करुणा केंद्र के महामंत्री प्रेम शंकर जोशी ने विद्यार्थियों को करुणा प्रार्थना करवाते हुए उसका अर्थ समझाया। कार्यक्रम में संगीता नागोरी को करुणा क्लब का प्रभारी तथा वर्षा देराश्री को सह-प्रभारी का दायित्व सौंपा गया।
कार्यक्रम के अंत में विद्यालय की उप प्रधानाचार्य विमला जायसवाल ने अतिथियों एवं सहयोगकर्ताओं का आभार व्यक्त किया।
