भीलवाड़ा में खुले में मांसाहारी अपशिष्ट डालने पर हंगामा, पार्षद और पुलिस ने करवाया साफ

खबर को शेयर करे :-

भीलवाड़ा। शहर के कुवाड़ा खान क्षेत्र में अंजुमन स्कूल के पीछे खाली प्लॉट में मांसाहारी खाद्य अपशिष्ट फेंके जाने के मामले में गोसेवकों और स्थानीय लोगों ने नाराजगी जताई। गोवंश के अपशिष्ट खाने की सूचना पर गोसेवा समिति के सदस्य मौके पर पहुंचे और प्रशासन से कार्रवाई की मांग की। बाद में वार्ड पार्षद और पुलिस के हस्तक्षेप से अपशिष्ट साफ करवाया गया, जिसके बाद मामला शांत हो गया।

गोसेवक राम और लखन के अनुसार, उन्हें स्थानीय नागरिक से सूचना मिली थी कि खाली प्लॉट में बड़ी मात्रा में मांसाहारी खाद्य अवशेष पड़े हैं और गोवंश उन्हें खा रहा है। सूचना पर श्रीराम गौ सेवा समिति की टीम मौके पर पहुंची। गोसेवकों ने गोवंश को वहां से हटाया और संबंधित अधिकारियों को मामले की जानकारी दी।

स्थानीय लोगों ने प्लॉट में फैली गंदगी और दुर्गंध को लेकर नाराजगी जताई। उनका कहना था कि खुले में खाद्य अपशिष्ट डालने से आसपास का वातावरण दूषित होता है और आवारा पशु इसे गलियों तक फैला देते हैं।

मामले की जानकारी मिलने पर वार्ड पार्षद अनिल डीडवानिया और पुलिस मौके पर पहुंचे। उनके हस्तक्षेप से मांसाहारी अपशिष्ट को साफ करवाया गया। इसके बाद मौके पर बना तनाव समाप्त हो गया।

गोसेवकों ने प्रशासन और नगर निगम से खुले में खाद्य अपशिष्ट डालने वालों की पहचान कर नियमानुसार कार्रवाई करने तथा भविष्य में ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकने के लिए उचित व्यवस्था करने की मांग की। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि ऐसी घटनाओं पर अंकुश नहीं लगा तो गोसेवक संगठन शहर बंद का आह्वान कर सकते हैं।

खबर को शेयर करे :-
KP Times
KP Times
KP Times App
खबरें पढ़ें सीधे हमारे Android App पर
APP डाउनलोड