दीपावली से पहले खाद्य सुरक्षा विभाग का बड़ा एक्शन, 180 किलो मूंगफली तेल सीज, 250 किलो अवधिपार सामग्री नष्ट

खबर को शेयर करे :-

भीलवाड़ा में तीन टीमों ने मांडल, करेड़ा, आसींद और शहर में की कार्रवाई, गजक, रसगुल्ले, नमकीन सहित चार खाद्य पदार्थों के नमूने जांच के लिए भेजे

भीलवाड़ा। दीपावली से पहले आमजन को शुद्ध एवं सुरक्षित खाद्य सामग्री उपलब्ध करवाने के लिए खाद्य सुरक्षा विभाग ने जिले में जांच अभियान तेज कर दिया है। जिला कलेक्टर जसमीत सिंह संधू के निर्देशानुसार ‘शुद्ध आहार-मिलावट पर वार’ अभियान के तहत विभाग की तीन टीमों ने मांडल, करेड़ा, आसींद और भीलवाड़ा में विभिन्न प्रतिष्ठानों का निरीक्षण किया। कार्रवाई के दौरान 180 किलोग्राम मूंगफली तेल सीज किया गया, जबकि आसींद में करीब 250 किलोग्राम अवधिपार खाद्य सामग्री नष्ट करवाई गई। इसके अलावा विभिन्न खाद्य पदार्थों के नमूने लेकर जांच के लिए अधिकृत प्रयोगशाला, अजमेर भेजे गए हैं।

मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. संजीव कुमार शर्मा ने बताया कि त्योहारों के दौरान खाद्य पदार्थों की शुद्धता और गुणवत्ता सुनिश्चित करने के लिए विभाग लगातार निरीक्षण कर रहा है। खाद्य पदार्थों में मिलावट, अवधिपार सामग्री की बिक्री और खाद्य सुरक्षा मानकों के उल्लंघन पर नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।

मांडल में मूंगफली तेल का नमूना लेकर 180 किलो तेल किया सीज

खाद्य सुरक्षा विभाग की टीम ने मांडल क्षेत्र के ज्ञानगढ़ स्थित देवनारायण किराणा स्टोर का निरीक्षण किया। यहां सूरज ब्रांड के मूंगफली तेल का नमूना लेकर 180 किलोग्राम तेल मौके पर सीज किया गया। इसके साथ ही करेड़ा स्थित शांतिनाथ ऑयल मिल से भी मूंगफली तेल का नमूना लिया गया।

कार्रवाई के दौरान सीएमएचओ डॉ. संजीव कुमार शर्मा, खाद्य सुरक्षा अधिकारी अशोक यादव सहित अन्य जांच अधिकारी मौजूद रहे।

आसींद में 250 किलो अवधिपार खाद्य सामग्री नष्ट

खाद्य सुरक्षा विभाग की टीम ने आसींद स्थित मैसर्स बालाजी सेल्स का निरीक्षण किया। यहां विभिन्न खाद्य पदार्थों की जांच के दौरान करीब 250 किलोग्राम अवधिपार खाद्य सामग्री मौके पर ही नष्ट करवाई गई।

नष्ट करवाई गई सामग्री में नमकीन, चायपत्ती, घी, काजू, हींग-जीरा, चना, नमक, मिक्स ड्राई फ्रूट, सिंथेटिक फूड कलर, भुनी मूंगफली, इडली बैटर, आलू चिप्स, बिस्किट, नारियल कुकीज, अचार मसाला और खड़े मसाले सहित विभिन्न खाद्य उत्पाद शामिल थे। इसके अतिरिक्त घी तथा अनमोल यम्मी और इलायची बिस्किट भी नष्ट करवाए गए।

इस कार्रवाई में खाद्य सुरक्षा अधिकारी साक्षी जैन और शाहरुख हुसैन सहित अन्य जांच अधिकारी मौजूद रहे।

भीलवाड़ा के महालक्ष्मी प्रोविजन स्टोर से लिए नमूने

विभाग की एक अन्य टीम ने भीलवाड़ा स्थित मैसर्स महालक्ष्मी प्रोविजन स्टोर का निरीक्षण किया। यहां गजक, रसगुल्ले, बीकाजी नमकीन और मैगी के नमूने लिए गए। इन नमूनों को जांच के लिए अधिकृत प्रयोगशाला, अजमेर भेजा गया है। प्रयोगशाला से रिपोर्ट प्राप्त होने के बाद नियमानुसार आगे की कार्रवाई की जाएगी।

इस दौरान खाद्य सुरक्षा अधिकारी नीरज मीणा, विजय मेहता, संजय वर्मा सहित टीम के अन्य सदस्य मौजूद रहे।

मिलावट की सूचना कंट्रोल रूम पर दें

सीएमएचओ डॉ. संजीव कुमार शर्मा ने आमजन से अपील की कि खाद्य सामग्री खरीदते समय उसकी गुणवत्ता, पैकिंग और उपयोग की अंतिम तिथि अवश्य जांचें। किसी भी खाद्य पदार्थ में मिलावट या खाद्य सुरक्षा संबंधी अनियमितता की जानकारी मिलने पर जिला स्तरीय कंट्रोल रूम के दूरभाष नंबर 01482-232643 पर सूचना दें, ताकि समय रहते आवश्यक कार्रवाई की जा सके।

उन्होंने कहा कि त्योहारों के दौरान आमजन को शुद्ध एवं सुरक्षित खाद्य सामग्री उपलब्ध करवाना विभाग की प्राथमिकता है। इसके लिए जिले में निरीक्षण, नमूनीकरण और कार्रवाई का अभियान लगातार जारी रहेगा।

खबर को शेयर करे :-
KP Times
KP Times
KP Times App
खबरें पढ़ें सीधे हमारे Android App पर
APP डाउनलोड