जहाजपुर (मोहम्मद आज़ाद नेब) पंचायत समिति की ग्राम पंचायतों में सरपंच पद के लिए नामांकन वापसी के बाद स्थिति स्पष्ट हो गई है। 32 ग्राम पंचायतों में कुल 344 नामांकन दाखिल हुए थे, जिनमें से 341 वैध पाए गए। 99 प्रत्याशियों द्वारा नाम वापस लेने के बाद अब 242 प्रत्याशी अंतिम रूप से चुनाव मैदान में हैं।
सबसे रोचक मुकाबला इटूंदा ग्राम पंचायत में है। यहां सबसे ज्यादा 21 नामांकन दाखिल हुए थे, 2 ने नाम वापस लिया और अब भी 19 प्रत्याशी मैदान में हैं जो पूरे ब्लॉक में सबसे ज्यादा है। वहीं दूसरे नंबर पर लुहारी खुर्द में 15 प्रत्याशी अंतिम रूप से मैदान में हैं।
दूसरी तरफ सबसे कम मुकाबला धुंवाला और टिठोडा माफी में देखने को मिलेगा। दोनों पंचायतों में सिर्फ 3-3 प्रत्याशी ही फाइनल लिस्ट में बचे हैं। कुल 32 पंचायतों में किसी भी पंचायत में निर्विरोध निर्वाचन नहीं हुआ है। अब सभी ग्राम पंचायतों में चुनावी सरगर्मी तेज हो गई है।
