‘ट्रांसफॉर्मेटिव ट्यूजडे’ के तहत विधिक जागरूकता शिविर आयोजित, बच्चों को असुरक्षित परिस्थितियों में आवाज उठाने के लिए किया प्रेरित
शाहपुरा। विद्यार्थियों को उनके कानूनी अधिकारों और व्यक्तिगत सुरक्षा के प्रति जागरूक करने के उद्देश्य से तालुका विधिक सेवा समिति, शाहपुरा की ओर से श्री सिद्धार्थ सेकेंडरी स्कूल में विधिक जागरूकता शिविर आयोजित किया गया। राजस्थान राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण, जयपुर के राज्य स्तरीय कार्यक्रम ‘ट्रांसफॉर्मेटिव ट्यूजडे’ के तहत आयोजित शिविर में करीब 350 विद्यार्थियों ने भाग लिया।
शिविर में पैनल अधिवक्ता निखिल व्यास ने ‘सुरक्षित स्थान, जहां सपनों को मिलते हैं पंख’ विषय पर विद्यार्थियों को संबोधित किया। उन्होंने बच्चों को उनके अधिकारों, व्यक्तिगत सुरक्षा और कानून के तहत मिलने वाले संरक्षण की जानकारी सरल भाषा में दी।
व्यास ने कहा कि शिक्षण संस्थानों में प्रत्येक बच्चे का सुरक्षित रहना जरूरी है। बच्चों की सुरक्षा केवल विद्यालय या परिवार ही नहीं, बल्कि पूरे समाज की सामूहिक जिम्मेदारी है। उन्होंने विद्यार्थियों से कहा कि किसी भी तरह की असुरक्षित स्थिति का सामना करने पर चुप न रहें और बिना डर के अपने अभिभावकों, शिक्षकों या संबंधित अधिकारियों से मदद लें।
कार्यक्रम के दौरान विद्यार्थियों ने सुरक्षा और कानूनी अधिकारों से जुड़े सवाल भी पूछे। पैनल अधिवक्ता ने उनकी जिज्ञासाओं का समाधान करते हुए उन्हें अपने अधिकारों के प्रति सजग रहने और आत्मविश्वास के साथ गलत परिस्थितियों का विरोध करने के लिए प्रेरित किया।
शिविर के माध्यम से विद्यार्थियों को सुरक्षित वातावरण, व्यक्तिगत सुरक्षा और विधिक संरक्षण के प्रति जागरूक करने के साथ ही उन्हें जिम्मेदार एवं जागरूक नागरिक बनने का संदेश दिया गया।
