भीलवाड़ा। अखिल राजस्थान राज्य कर्मचारी संयुक्त महासंघ (एकीकृत) जिला भीलवाड़ा ने कर्मचारियों की वेतन संबंधी समस्याओं को लेकर मुख्यमंत्री के नाम जिला कलेक्टर के माध्यम से ज्ञापन सौंपकर जल्द समाधान की मांग की है। कार्यकारी जिला अध्यक्ष अमित व्यास ने बताया कि जिले के विभिन्न विभागों में कर्मचारियों को समय पर वेतन नहीं मिलने के साथ ही एरियर, पीएल सरेंडर, जीपीएफ एवं एसआई भुगतान जैसी समस्याओं का सामना करना पड़ रहा है।
कार्यकारी जिला अध्यक्ष अमित व्यास ने बताया कि महात्मा गांधी अस्पताल में पिछले करीब एक से डेढ़ वर्ष से कर्मचारियों के एरियर, सरेंडर एवं मासिक वेतन को लेकर लगातार अनियमितता बनी हुई है। कर्मचारियों को अपने भुगतान के लिए बार-बार कार्यालयों के चक्कर लगाने पड़ रहे हैं।
महासंघ ने बताया कि कर्मचारियों का पीएल सरेंडर, जीपीएफ एवं एसआई का भुगतान भी लंबित है। वहीं राजमेस कर्मचारियों को पिछले चार माह से वेतन नहीं मिलने की बात कही गई है। इसके अलावा फिजियोथेरेपी चिकित्सकों को भी करीब चार माह से वेतन नहीं मिलने से परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
अमित व्यास ने कहा कि बजट की कमी के कारण आए दिन कर्मचारियों का वेतन प्रभावित हो रहा है और नियमित रूप से वेतन नहीं मिलने से कर्मचारियों में भारी रोष है। उन्होंने कहा कि कर्मचारी अपने परिवार की आवश्यकताओं और आर्थिक जिम्मेदारियों के लिए वेतन पर निर्भर हैं, ऐसे में लंबे समय तक वेतन लंबित रहना गंभीर समस्या है।
महासंघ ने मुख्यमंत्री से मांग की है कि कर्मचारियों की लंबित वेतन एवं अन्य भुगतान संबंधी समस्याओं का जल्द से जल्द समाधान करवाकर उन्हें राहत प्रदान की जाए। महासंघ ने चेतावनी दी कि यदि शीघ्र ही वेतन समस्या का समाधान नहीं किया गया तो कर्मचारी उग्र आंदोलन करने को मजबूर होंगे।
ज्ञापन के दौरान महासंघ के प्रवक्ता गिरिराज लड्ढा, सतीश शर्मा, सत्यनारायण सोनी, विनोद सोनी, ललित जीनगर, विनोद जीनगर, धनराज मैगवंशी, करण सिंह, दिनेश खटीक, बंधन चावला, पुरुषोत्तम चावला, पिंकी खटीक, अनीता खोईवाल, घनश्याम असावा, उदयलाल, भागचंद धाकर, अंकित काबरा, घनश्याम शर्मा, महेश दाधीच, पवन देपन आदि मौजूद रहे।
