भीलवाड़ा। स्वर्णिम भारत फाउंडेशन के तत्वावधान में स्वदेशी जागरण मंच, भीलवाड़ा की ओर से आगामी 1 से 10 जनवरी 2027 तक मेडिसिटी ग्राउंड, आजाद नगर में आयोजित होने वाले अखिल भारतीय स्वदेशी मेले के प्रचार-प्रसार की तैयारियां शुरू हो गई हैं। इसी क्रम में मेले के प्रचार पत्रक (ब्रोशर) का विमोचन समारोह आज रविवार, 1 नवंबर को अपराह्न 3:30 बजे होटल पीएफसी, आजाद नगर में आयोजित होगा।
समारोह में पंचमुखी आश्रम के संत श्री लक्ष्मण दास महाराज एवं निम्बार्क आश्रम के महंत मोहन शरण शास्त्री का सानिध्य प्राप्त होगा। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि सांसद एवं भाजपा के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष सी.पी. जोशी होंगे। अध्यक्षता सांसद एवं मेला आयोजन समिति के अध्यक्ष दामोदर अग्रवाल करेंगे।
भीलवाड़ा विधायक एवं मेला आयोजन समिति के स्वागताध्यक्ष अशोक कोठारी सारस्वत अतिथि के रूप में मौजूद रहेंगे। प्रसिद्ध उद्यमी एवं समाजसेवी कृष्ण गोपाल तोषनीवाल विशिष्ट अतिथि होंगे। वहीं जनसांख्यिकी लाभांश के संयोजक एवं मेला आयोजन समिति के संयोजक डॉ. राजकुमार चतुर्वेदी मुख्य वक्ता के रूप में मेले की विस्तृत जानकारी प्रस्तुत करेंगे।
समारोह के समन्वयक डॉ. देवी लाल साहू, सचिव सुनील सोमानी एवं आयोजन समिति के कार्यकर्ताओं ने बताया कि कार्यक्रम में शहर के प्रबुद्धजन, संभ्रांत नागरिकों, विभिन्न जाति एवं समाजों के अध्यक्षों तथा सामाजिक क्षेत्र में सक्रिय प्रमुख व्यक्तित्वों को आमंत्रित किया गया है।
आयोजकों ने शहरवासियों से विमोचन समारोह में शामिल होने की अपील की है।
