भीलवाड़ा। गांधी जयंती एवं पूर्व प्रधानमंत्री लाल बहादुर शास्त्री की जयंती के अवसर पर विजन इंडिया वेलफेयर सोसायटी, भीलवाड़ा की ओर से 2 अक्टूबर को विशाल स्वैच्छिक रक्तदान शिविर का आयोजन किया जाएगा। शिविर का आयोजन रामस्नेही वाटिका, रामद्वारा रोड, भीलवाड़ा में किया जाएगा।
सोसायटी के सचिव शंकर लाल गाडरी ने बताया कि रक्तदान शिविर का शुभारंभ सुबह 9 बजे होगा। कार्यक्रम में राजस्थान सरकार के पूर्व मंत्री रामलाल जाट भी शामिल होंगे।
उन्होंने बताया कि शिविर के माध्यम से जरूरतमंद मरीजों के लिए रक्त की उपलब्धता सुनिश्चित करने का प्रयास किया जाएगा। सोसायटी की ओर से आमजन और विशेषकर युवाओं से अधिक से अधिक संख्या में शिविर में पहुंचकर स्वैच्छिक रक्तदान करने की अपील की गई है।
शंकर लाल गाडरी ने कहा कि रक्तदान एक सामाजिक जिम्मेदारी है। एक यूनिट रक्त जरूरतमंद मरीज के उपचार में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकता है। उन्होंने युवाओं सहित सभी पात्र लोगों से रक्तदान शिविर में भाग लेकर इसे सफल बनाने का आह्वान किया।
