ट्रेन में गांजे की तस्करी का खुलासा, 11.940 किलो अवैध गांजा जब्त, एक आरोपी गिरफ्तार

खबर को शेयर करे :-

बिलासपुर-बीकानेर एक्सप्रेस में सफर कर रहा था आरोपी, कोटा रेलवे जंक्शन के पास CBN की टीम ने दबोचा

कोटा। नशा मुक्त भारत अभियान के तहत मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान में केंद्रीय नारकोटिक्स ब्यूरो (CBN) राजस्थान यूनिट ने बड़ी कार्रवाई की है। ब्यूरो की टीम ने बिलासपुर-बीकानेर एक्सप्रेस ट्रेन से 11.940 किलोग्राम अवैध गांजा जब्त कर एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। जब्त गांजे की खेप छह पैकेटों में दो बैग के अंदर रखी हुई थी।

केंद्रीय नारकोटिक्स ब्यूरो की ओर से 1 नवंबर को जारी प्रेस नोट के अनुसार, अधिकारियों को विशिष्ट गुप्त सूचना मिली थी कि एक व्यक्ति बिलासपुर से कोटा तक ट्रेन संख्या 20845 के जरिए अवैध गांजे का परिवहन कर रहा है। सूचना के आधार पर CBN भवानीमंडी सेल के अधिकारियों की टीम गठित की गई। टीम ने 30 अक्टूबर को कोटा रेलवे जंक्शन पर निगरानी और कार्रवाई की योजना बनाई। वहीं, दो अधिकारी भवानीमंडी रेलवे स्टेशन से ट्रेन में सवार होकर संदिग्ध व्यक्ति की पहचान और निगरानी में जुट गए।

कार्रवाई के दौरान कोटा जंक्शन के नजदीक ट्रेन के आउटर सिग्नल पर रुकने के दौरान संदिग्ध व्यक्ति ट्रेन से उतरकर रेलवे पटरियों के रास्ते भागने का प्रयास करने लगा। इस पर ट्रेन में तैनात अधिकारियों और रेलवे परिसर के बाहर मौजूद टीम ने तत्काल घेराबंदी कर रेलवे गेट संख्या 108 के पास उसे पकड़ लिया।

इसके बाद रेलवे कर्मचारियों और स्वतंत्र गवाहों की मौजूदगी में आरोपी के सामान की तलाशी ली गई। तलाशी के दौरान उसके पास मौजूद दो बैगों से छह पैकेट बरामद हुए, जिनमें कुल 11.940 किलोग्राम अवैध गांजा रखा हुआ था।

CBN अधिकारियों ने कानूनी प्रक्रिया पूरी करने के बाद गांजे को जब्त कर लिया तथा आरोपी को एनडीपीएस अधिनियम, 1985 के प्रावधानों के तहत गिरफ्तार कर लिया। मामले में आगे की जांच जारी है। अधिकारियों द्वारा तस्करी से जुड़े नेटवर्क की जानकारी जुटाई जा रही है।

तस्करी नेटवर्क को खत्म करना CBN का लक्ष्य

केंद्रीय नारकोटिक्स ब्यूरो ने कहा कि नशा मुक्त भारत अभियान के तहत मादक पदार्थों के खिलाफ जीरो टॉलरेंस की नीति अपनाई जा रही है। ब्यूरो का उद्देश्य केवल मादक पदार्थों की जब्ती तक सीमित नहीं है, बल्कि अवैध तस्करी नेटवर्क और ड्रग कार्टेल्स को समाप्त करना भी है। इस दिशा में अभियान लगातार जारी रहेगा।

CBN ने आमजन से की सूचना देने की अपील

केंद्रीय नारकोटिक्स ब्यूरो ने आमजन से मादक पदार्थों की तस्करी और संदिग्ध गतिविधियों की जानकारी देने की अपील की है। सूचना देने के लिए राजस्थान यूनिट ने हेल्पलाइन नंबर जारी किए हैं।

  • कंट्रोल रूम: 0744-2438928
  • व्हाट्सऐप: 8764748232
  • ई-मेल: dnc-kota@cbn.nic.in

ब्यूरो के अनुसार, सूचना देने वाले व्यक्ति का नाम और पहचान पूरी तरह गोपनीय रखी जाएगी।

खबर को शेयर करे :-
KP Times
KP Times
KP Times App
खबरें पढ़ें सीधे हमारे Android App पर
APP डाउनलोड