जहाजपुर । ग्राम पंचायत पंडेर की राजनीति में ममता मुकेश जाट ने नया इतिहास लिख दिया है। ग्रामीणों के अटूट विश्वास और समर्थन से उन्होंने लगातार दूसरी बार सरपंच पद पर शानदार जीत हासिल की है। इस ऐतिहासिक जीत का जश्न सिर्फ जीत तक सीमित नहीं, बल्कि आस्था और आभार के संगम के रूप में मनाया जा रहा है।
जीत की खुशी में नवनिर्वाचित सरपंच ममता मुकेश जाट की ओर से अपने आराध्य श्री दौलपुरा बालाजी धाम में दो दिवसीय विशाल धार्मिक एवं आभार समारोह का आयोजन किया जा रहा है।
आस्था की पराकाष्ठा : पंडेर से बालाजी धाम तक दंडवत यात्रा
आभार समारोह की शुरुआत आस्था के साथ हुई। रविवार 2 नवंबर को मुकेश जाट, मुकेश तेली, मुकेश बैरवा एवं बाबू पाराशर द्वारा पंडेर से श्री दौलपुरा बालाजी धाम तक दंडवत यात्रा कर बालाजी महाराज को जीत का आभार अर्पित किया गया।
आज के कार्यक्रम : भक्ति और शक्ति का संगम
आज रात 8:15 बजे से दौलपुरा बालाजी धाम परिसर में विशाल भजन संध्या का आयोजन होगा। जिसमें क्षेत्र के सुप्रसिद्ध भजन गायक कालू बड़ला, ढोलक वादक सलमान बाजवास और ऑर्गन वादक दिनेश जांगिड़ पंडेर अपनी भजनों की अमृतवर्षा से माहौल को भक्तिमय बनाएंगे।
3 नवंबर, सोमवार के मुख्य आयोजन
सुबह 11:15 बजे : पंडेर से श्री दौलपुरा बालाजी धाम तक ध्वज के साथ विशाल पैदल यात्रा निकाली जाएगी। दोपहर में धाम पहुंचने पर आभार एवं सम्मान समारोह आयोजित होगा। इस समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में पूर्व मंत्री धर्मवीर धीरज जी गुर्जर शिरकत करेंगे। दोपहर 3:15 बजे से सभी ग्रामवासियों एवं श्रद्धालुओं के लिए महाप्रसादी का आयोजन रखा गया है।
इस अवसर पर नवनिर्वाचित सरपंच ममता मुकेश जाट ने कहा, “यह जीत मेरी नहीं, पूरे पंडेर ग्राम पंचायत के प्रत्येक मतदाता, कार्यकर्ता और बुजुर्गों के आशीर्वाद की जीत है। आपने जो विश्वास लगातार दूसरी बार मुझ पर जताया है, मैं विकास कार्यों से उसे दोगुनी ताकत से लौटाऊंगी।”
