भीलवाड़ा में 22 करोड़ की लागत से बने आनंदम भवन का भव्य लोकार्पण, पद्मश्री सत्यनारायण नुवाल ने किया उद्घाटन

खबर को शेयर करे :-

नुवाल बोले– सफलता से पहले नैतिकता को चुनें, संस्कार और संवेदना ही समाज की असली पूंजी; संदीप काबरा ने भीलवाड़ा माहेश्वरी समाज को बताया देश के लिए रोल मॉडल

भीलवाड़ा। माहेश्वरी समाज की सामाजिक एकजुटता, सेवा और सामूहिक सहयोग की मिसाल बने आनंदम भवन का शनिवार को भव्य लोकार्पण हुआ। भीलवाड़ा जिला महेश सेवा निधि की ओर से करीब 22 करोड़ रुपये की लागत से निर्मित इस अत्याधुनिक भवन का उद्घाटन पद्मश्री सम्मानित उद्योगपति सत्यनारायण नुवाल ने किया। समारोह की अध्यक्षता अखिल भारतवर्षीय माहेश्वरी महासभा के सभापति संदीप काबरा ने की। इस अवसर पर समाज के प्रमुख पदाधिकारी, भामाशाह, जनप्रतिनिधि और विभिन्न समाजों के प्रतिनिधि मौजूद रहे।

लोकार्पण समारोह को संबोधित करते हुए पद्मश्री सत्यनारायण नुवाल ने कहा कि माहेश्वरी समाज संख्या में भले ही छोटा हो, लेकिन शिक्षा, समृद्धि और नैतिकता के क्षेत्र में देशभर में अग्रणी भूमिका निभा रहा है। समाज की पीढ़ियों से चली आ रही संस्कृति और संस्कार उसकी सबसे बड़ी ताकत हैं। संस्कार और संवेदना के सामंजस्य से ही जीवन के प्रत्येक क्षेत्र में सफलता प्राप्त की जा सकती है।

उन्होंने नई पीढ़ी में बढ़ती शिक्षा और समृद्धि के साथ संस्कारों एवं संवेदनाओं में आ रही कमी पर चिंता जताई। नुवाल ने कहा कि हम अपने पूर्वजों और माता-पिता की तस्वीरों का सम्मान करते हैं, लेकिन उनके जीवित रहते उनकी सेवा और देखभाल का भाव कम होता जा रहा है। स्वार्थ की प्रवृत्ति व्यक्ति को आंतरिक रूप से दीनहीन और एकाकी बना देती है। उन्होंने कहा कि जीवन में कभी सफलता और नैतिकता में से किसी एक को चुनने की स्थिति आए तो नैतिकता का साथ देना चाहिए, क्योंकि नैतिकता बनी रहेगी तो सफलता स्वयं प्राप्त हो जाएगी।

समारोह की अध्यक्षता कर रहे अखिल भारतवर्षीय माहेश्वरी महासभा के सभापति संदीप काबरा ने भीलवाड़ा के माहेश्वरी समाज को आनंदम भवन के निर्माण पर बधाई दी। उन्होंने कहा कि भीलवाड़ा में पहले रामेश्वरम और अब आनंदम भवन का निर्माण समाज के भविष्य के लिए महत्वपूर्ण उपलब्धि है। भीलवाड़ा का माहेश्वरी समाज देशभर के समाजबंधुओं के लिए रोल मॉडल बनकर उभरा है।

काबरा ने कहा कि माहेश्वरी समाज के लिए राष्ट्र हमेशा प्रथम रहा है और राष्ट्रसेवा के कार्यों में समाज आगे भी अग्रणी भूमिका निभाता रहेगा। आनंदम भवन केवल संपन्नता का प्रतीक बनकर न रहे, बल्कि समाज के लिए प्रेरणा का केंद्र बने। यहां सामाजिक और मांगलिक आयोजनों के साथ समाज के बेहतर भविष्य की विकास योजनाओं पर भी विचार-विमर्श होना चाहिए। उन्होंने जानकारी दी कि अखिल भारतवर्षीय माहेश्वरी महासभा की नवनिर्वाचित कार्यकारिणी की पहली बैठक 14 नवंबर को इसी आनंदम भवन में आयोजित होगी।

2007 में बनी थी भवन निर्माण की योजना

भीलवाड़ा जिला महेश सेवा निधि के अध्यक्ष रामपाल सोनी ने स्वागत उद्बोधन में आनंदम भवन की निर्माण यात्रा और भविष्य की योजनाओं की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि भवन निर्माण की परिकल्पना वर्ष 2007 में माहेश्वरी महासभा के महाधिवेशन के दौरान की गई थी। इसके बाद नगर विकास न्यास से भूमि आवंटन की प्रक्रिया पूरी हुई। वर्ष 2023 में बिड़ला ग्रुप की चेयरपर्सन राजश्री बिड़ला ने भवन का शिलान्यास किया था।

उन्होंने बताया कि भवन निर्माण में भीलवाड़ा सहित देश के विभिन्न क्षेत्रों के माहेश्वरी समाज के भामाशाहों ने आर्थिक सहयोग दिया। भविष्य की आवश्यकताओं को ध्यान में रखते हुए भवन को आधुनिक सुविधाओं से सुसज्जित किया गया है। यह भवन सभी के लिए उचित दरों पर उपलब्ध रहेगा।

सांसद और महापौर ने समाज को दी बधाई

सांसद दामोदर अग्रवाल और नगर निगम महापौर जसवंत कंवर ने भी संबोधित करते हुए कहा कि भीलवाड़ा के आर्थिक एवं सामाजिक विकास में माहेश्वरी समाज हमेशा अग्रणी और प्रेरणादायी भूमिका निभाता रहा है। उन्होंने इस भव्य भवन के निर्माण के लिए समाज को बधाई दी।

समारोह में हैदराबाद से आए समाजसेवी महेश बल्दवा, कैलाश कोठारी, भरत तोतला, ममता मोदानी, नारायण राठी और अरुण भांगड़िया ने भी विचार व्यक्त किए। विशिष्ट अतिथि के रूप में शंकरलाल बाहेती, उपमहापौर राधेश्याम सोमानी, चित्तौड़गढ़ नगर परिषद सभापति अनिल ईनाणी, पूर्व सांसद सुभाष बहेड़िया, जिला महेश सेवा निधि के वरिष्ठ उपाध्यक्ष राधेश्याम चेचाणी, मंत्री प्रहलाद राय लड्ढा, निर्माण प्रभारी सत्यनारायण मूंदड़ा, माहेश्वरी सभा के जिलाध्यक्ष अशोक बाहेती और नगर अध्यक्ष केदार जागेटिया मंचासीन रहे।

समारोह का संचालन जगदीशप्रसाद कोगटा ने किया तथा आभार महेश सेवा निधि के मंत्री प्रहलाद राय लड्ढा ने व्यक्त किया। इस दौरान भाजपा जिलाध्यक्ष प्रशांत मेवाड़ा, सहाड़ा विधायक लादूलाल पितलिया, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक राजेश आर्य, पुलिस उप अधीक्षक सज्जन सिंह सहित अनेक जनप्रतिनिधि एवं अधिकारी उपस्थित रहे।

फीता काटकर किया लोकार्पण, अतिथियों ने भवन का किया अवलोकन

समारोह के प्रारंभ में पद्मश्री सत्यनारायण नुवाल ने समाज के प्रमुख पदाधिकारियों और अतिथियों की मौजूदगी में फीता काटकर आनंदम भवन का विधिवत लोकार्पण किया। इसके बाद नुवाल, संदीप काबरा सहित अन्य अतिथियों ने भवन का अवलोकन किया। उन्होंने भवन की निर्माण गुणवत्ता और आधुनिक सुविधाओं की सराहना की। साथ ही निर्माण कार्य में आर्थिक सहयोग और समय देने वाले समाजबंधुओं के योगदान को भी सराहा। अतिथियों ने विश्वास जताया कि जिस उद्देश्य और दूरदर्शी सोच के साथ इस भवन का निर्माण किया गया है, वह भविष्य में समाज के विकास और एकजुटता का महत्वपूर्ण केंद्र बनेगा।

खबर को शेयर करे :-
KP Times
KP Times
KP Times App
खबरें पढ़ें सीधे हमारे Android App पर
APP डाउनलोड