भीलवाड़ा। शहर को स्वस्थ, स्वच्छ और निरोगी बनाने के उद्देश्य से पतंजलि परिवार की ओर से पथिक नगर स्थित बड़े पार्क में संचालित निशुल्क योग कक्षा में विशेष जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस दौरान योग साधकों एवं उपस्थित नागरिकों को डिस्पोजल के उपयोग का बहिष्कार करने और पर्यावरण संरक्षण में सहभागी बनने का सामूहिक संकल्प दिलाया गया।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि वार्ड 58 के पार्षद सुभाष सोनी थे, जबकि अध्यक्षता मुख्य योग शिक्षक एवं भारत स्वाभिमान न्यास के जिला प्रभारी प्रेम शंकर जोशी ने की। विशिष्ट अतिथि के रूप में शिशु रोग विशेषज्ञ डॉ. ओमप्रकाश आगाल एवं पूर्व प्रधानाचार्य रेखा आगाल उपस्थित रहे।
कार्यक्रम में फिट इंडिया भीलवाड़ा और पतंजलि परिवार की ओर से त्योहारों के अवसर पर शहरवासियों को स्वस्थ जीवनशैली अपनाने तथा प्लास्टिक और डिस्पोजल के उपयोग को कम करने के लिए प्रेरित करने की पहल की जानकारी दी गई। इसके तहत नागरिकों को निशुल्क स्टील के गिलास वितरित करने के साथ सार्वजनिक पार्कों में योग एवं प्राणायाम की निशुल्क कक्षाएं संचालित करने की बात कही गई।
मुख्य अतिथि पार्षद सुभाष सोनी ने फिट इंडिया अभियान के तहत स्वस्थ और दीर्घायु जीवन के लिए किए जा रहे प्रयासों की सराहना की। उन्होंने डिस्पोजल के उपयोग से होने वाले नुकसान बताते हुए नियमित योगाभ्यास और पौष्टिक खानपान को दैनिक जीवन का हिस्सा बनाने का आह्वान किया।
कार्यक्रम की अध्यक्षता कर रहे प्रेम शंकर जोशी ने फिट इंडिया के संस्थापक भूपेंद्र मोगरा के सौजन्य से उपस्थित योग साधकों को स्टील के गिलास वितरित किए। साथ ही सभी को स्वयं डिस्पोजल का उपयोग नहीं करने और दूसरों को भी इसके प्रति जागरूक करने की शपथ दिलाई।
इस अवसर पर ओमप्रकाश जागेटिया, रमेश बांगड़, रतन सोनी, लीला पंचोली, रेखा मराठा, मनीष सोमानी, कौशल्या पोरवाल एवं सुशीला बाहेती ने भी डिस्पोजल के हानिकारक प्रभावों पर अपने विचार रखे। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में योग साधक एवं प्रबुद्ध नागरिक उपस्थित रहे।
