भीलवाड़ा। नगर निगम महापौर जसवंत कंवर एवं उप महापौर राधेश्याम सोमानी ने शहर के विभिन्न वार्डों का औचक निरीक्षण कर सफाई एवं ड्रेनेज व्यवस्था का जायजा लिया। इस दौरान संबंधित वार्डों के पार्षद और नगर निगम के अधिकारी भी मौजूद रहे।
महापौर एवं उप महापौर ने वार्ड संख्या 39, 49, 50 और 55 का दौरा कर मौके पर व्यवस्थाओं का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान कई स्थानों पर नालियों की स्थिति खराब मिलने और नियमित साफ-सफाई में कमी पाए जाने पर महापौर ने नाराजगी जताई।
वार्ड संख्या 55 में नालियों की बदहाल स्थिति को देखते हुए उनकी मरम्मत एवं सफाई के लिए तत्काल कार्रवाई करने के निर्देश दिए। वहीं वार्ड संख्या 50 में सफाई व्यवस्था में लापरवाही मिलने पर अधिकारियों को व्यवस्था में सुधार लाने के निर्देश दिए।
इसी प्रकार वार्ड संख्या 49 और 39 में भी नालियों की मरम्मत एवं नियमित साफ-सफाई सुनिश्चित करने को कहा गया, ताकि क्षेत्रवासियों को गंदगी और जलभराव जैसी समस्याओं से राहत मिल सके।
महापौर ने अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि शहर की सफाई और जनस्वास्थ्य से जुड़े कार्यों में किसी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने सभी निर्देशों की शीघ्र पालना सुनिश्चित कर व्यवस्थाओं में आवश्यक सुधार करने को कहा।
