दीपावली पर भीलवाड़ा में तीन दिन बदलेगी यातायात व्यवस्था, बाजारों में वन-वे लागू; 14 मार्गों पर वाहनों का प्रवेश निषेध

दीपावली पर भीलवाड़ा में तीन दिन बदलेगी यातायात व्यवस्था, बाजारों में वन-वे लागू; 14 मार्गों पर वाहनों का प्रवेश निषेध
खबर को शेयर करे :-

6 से 8 नवंबर तक रहेगी विशेष ट्रैफिक व्यवस्था, दोपहिया और चौपहिया वाहनों के लिए बनाए गए अलग-अलग पार्किंग स्थल

भीलवाड़ा। धनतेरस, रूप चतुर्दशी और दीपावली के त्योहार को देखते हुए शहर में यातायात व्यवस्था को सुगम एवं सुव्यवस्थित बनाए रखने के लिए यातायात पुलिस ने विशेष ट्रैफिक प्लान जारी किया है। इसके तहत 6 नवंबर से 8 नवंबर 2026 तक शहर के प्रमुख बाजारों और मार्गों पर वन-वे व्यवस्था, रूट डायवर्जन और वाहन निषेध क्षेत्र लागू रहेंगे। साथ ही शहर में आने वाले वाहन चालकों के लिए अलग-अलग पार्किंग स्थल निर्धारित किए गए हैं।

खबर प्रसार टाइम्स

यातायात पुलिस के अनुसार, दोपहिया वाहन चालकों को अपने वाहन सफेद लाइन के अंदर ही पार्क करने होंगे, जबकि चौपहिया वाहनों को सड़क पर कहीं भी खड़ा करने की अनुमति नहीं होगी। पेयजल आपूर्ति करने वाले टेम्पो और अन्य लोडिंग वाहनों को सुबह 9 बजे से पहले ही शहर में प्रवेश दिया जाएगा। इसके बाद इन वाहनों का प्रवेश प्रतिबंधित रहेगा।

इन मार्गों पर रहेगी वन-वे व्यवस्था

6 नवंबर से शहर के प्रमुख मार्गों पर एकतरफा यातायात व्यवस्था लागू रहेगी। इनमें मुरली विलास टी-पॉइंट, छीपा बिल्डिंग से लोकजीवन मार्ग होते हुए आजाद चौक, गर्ग पेट्रोल पंप, सीतारामजी की बावड़ी, फ्रेंड्स मेडिकल के पास सेवा सदन रोड, भीमगंज चौराहा-भोपाल क्लब, नगर परिषद चौराहा और कोतवाली चौराहा शामिल हैं।

यहां होगी वाहनों की पार्किंग

यातायात पुलिस ने दोपहिया और चौपहिया वाहनों के लिए कुल 12 पार्किंग स्थल निर्धारित किए हैं।

  1. चित्रकूटधाम नगर परिषद के पास – दोपहिया एवं चौपहिया वाहन।
  2. राजकीय पशु चिकित्सालय के पास – दोपहिया वाहन।
  3. हरिसेवाधाम के पीछे – दोपहिया एवं चौपहिया वाहन।
  4. आजाद चौक – दोपहिया एवं चौपहिया वाहन।
  5. रेलवे स्टेशन के अंदर – चौपहिया वाहन।
  6. स्टेशन चौराहा मस्जिद के पास – दोपहिया वाहन।
  7. महात्मा गांधी अस्पताल परिसर – दोपहिया एवं चौपहिया वाहन।
  8. भोपाल क्लब – दोपहिया वाहन।
  9. अरबन को-ऑपरेटिव बैंक के सामने – दोपहिया वाहन।
  10. नगर परिषद के अंदर – दोपहिया वाहन।
  11. मुरली विलास रोड से राजेंद्र मार्ग होते हुए कोतवाली तक दक्षिण दिशा में एक तरफ – चौपहिया वाहन।
  12. लक्ष्मीनारायण मंदिर रोड पर दक्षिण दिशा में एक तरफ – दोपहिया एवं चौपहिया वाहन।

इन 14 मार्गों पर रहेगा वाहनों का प्रवेश निषेध

दीपावली के त्योहार के दौरान शहर के व्यस्त बाजारों और प्रमुख रास्तों पर वाहनों का प्रवेश प्रतिबंधित रहेगा। इनमें मुरली विलास रोड से बाजार नंबर 2, स्टेशन रोड पर सिटी कंट्रोल के सामने से सदर बाजार, मशीनरी मार्केट से आजाद चौक मार्ग पर ब्यावर वाला हलवाई की गली, बाजार नंबर 3 स्थित लोहिया मार्केट गली, नानक की दुकान वाले गेट से गोल प्याऊ मार्ग, छीपा बिल्डिंग से गोल प्याऊ, सूचना केंद्र से आजाद चौक, सेवा सदन से सूचना केंद्र मार्ग, अस्पताल मुख्य द्वार से गांधी मार्केट, लक्ष्मीनारायण मंदिर मार्ग पर बाजार नंबर 2 की गली, हेड पोस्ट ऑफिस से गोल प्याऊ, एलआईसी ऑफिस से सुभाष मार्केट, आरएसईबी कार्यालय से इंद्रा सर्कल और बड़ौदा बैंक से सुभाष मार्केट मार्ग शामिल हैं।

शहर में आने वाले वाहनों के लिए रूट डायवर्जन

यातायात पुलिस ने शहर के भीतरी इलाकों में भीड़ को नियंत्रित करने के लिए तीन प्रमुख रूटों पर डायवर्जन लागू किया है।

  1. राजेंद्र मार्ग-मुरली विलास रोड से एसबीआई सायंकालीन शाखा, नगर निगम चौराहा, कोतवाली चौराहा और राजस्थान दाल-बाटी रोड होते हुए शहर के रेलवे स्टेशन, सरकारी दरवाजा, गोल प्याऊ चौराहा, इंद्रा सर्कल एवं सूचना केंद्र क्षेत्र में वाहनों का प्रवेश प्रतिबंधित रहेगा।
  2. मेवाड़ चैंबर से भोपाल क्लब, फ्रेंड्स मेडिकल के पास सेवा सदन रोड होते हुए शहर के रेलवे स्टेशन, सरकारी दरवाजा, गोल प्याऊ चौराहा, इंद्रा सर्कल एवं सूचना केंद्र क्षेत्र में वाहनों का प्रवेश निषेध रहेगा।
  3. आजाद चौक से ब्यावर वाली गली रोड, डेयरी, झूलेलाल सर्कल और रेलवे स्टेशन होते हुए शहर के रेलवे स्टेशन, सरकारी दरवाजा, गोल प्याऊ चौराहा, इंद्रा सर्कल एवं सूचना केंद्र क्षेत्र में वाहनों का प्रवेश प्रतिबंधित रहेगा।

इसके अलावा भीमगंज थाने से गुलमंडी होते हुए बड़ा मंदिर और झलकारी बाई सर्कल तक बड़े वाहनों एवं सवारी टेम्पो का प्रवेश निषेध रहेगा।

8 नवंबर को दोपहर 2 बजे से लागू होगी विशेष व्यवस्था

यातायात पुलिस के अनुसार, वन-वे व्यवस्था 6 नवंबर से लागू हो जाएगी, जबकि अन्य यातायात प्रतिबंध एवं विशेष व्यवस्थाएं 8 नवंबर को दीपावली के दिन दोपहर 2 बजे से प्रभावी होंगी।

पुलिस ने शहरवासियों और बाजारों में खरीदारी के लिए आने वाले लोगों से अपील की है कि वे निर्धारित पार्किंग स्थलों पर ही अपने वाहन खड़े करें और यातायात नियमों का पालन करें, ताकि दीपावली के दौरान शहर में आवागमन सुचारू बना रहे।

खबर को शेयर करे :-
KP Times
KP Times
KP Times App
खबरें पढ़ें सीधे हमारे Android App पर
APP डाउनलोड