इन्टेक चैप्टर की क्विज प्रतियोगिता में महेश पब्लिक स्कूल के 248 विद्यार्थियों ने लिया भाग, 15 विजेताओं का सम्मान
भीलवाड़ा । प्रकृति और पर्यावरण के प्रति संवेदनशीलता की सीख किताबों से आगे बढ़कर जब वास्तविक अनुभवों से जुड़ती है, तो उसका प्रभाव और गहरा होता है। इसी उद्देश्य से भारतीय सांस्कृतिक निधि (इन्टेक) चैप्टर की ओर से स्मृति वन परिसर में पर्यावरण एवं वन्यजीव संरक्षण विषय पर क्विज प्रतियोगिता आयोजित की गई। इसमें शैक्षणिक भ्रमण पर पहुंचे महेश पब्लिक स्कूल के 248 छात्र-छात्राओं ने उत्साहपूर्वक भाग लेकर पर्यावरण संरक्षण से जुड़ी जानकारियां हासिल कीं। भ्रमण के दौरान विद्यार्थियों को स्मृति वन परिसर में मौजूद सैकड़ों प्रजातियों के पौधों से रूबरू कराया गया। उन्हें विभिन्न पौधों की विशेषताओं, उपयोगिता और पर्यावरण संतुलन बनाए रखने में उनकी भूमिका के बारे में विस्तार से बताया गया। विद्यार्थियों को समझाया गया कि पेड़-पौधे केवल स्वच्छ वातावरण का आधार नहीं हैं, बल्कि जीव-जंतुओं और मानव जीवन के अस्तित्व के लिए भी बेहद आवश्यक हैं। क्विज प्रतियोगिता के जरिए विद्यार्थियों के पर्यावरण संबंधी ज्ञान को परखा गया। रोचक सवालों के माध्यम से प्रकृति, वन्यजीव एवं संरक्षण से जुड़े महत्वपूर्ण पहलुओं की जानकारी दी गई। प्रतियोगिता में 15 विजेता छात्र-छात्राओं को इन्टेक के जाजू ने प्रशंसा-पत्र देकर सम्मानित किया। इस अवसर पर विद्यालय निदेशक दिनेश शारदा, प्रिंसिपल निधि झा एवं यशोदा मंडोवरा ने भी विद्यार्थियों को संबोधित किया।
