भीलवाड़ा में छठ महापर्व की तैयारियां तेज, तीन घाटों पर होंगी विशेष व्यवस्थाएं

खबर को शेयर करे :-

मानसरोवर झील, वाटर वर्क्स और लव गार्डन में सजेगा छठ पूजा का आयोजन, भोजपुरी कलाकारों की सांस्कृतिक प्रस्तुतियां रहेंगी आकर्षण का केंद्र

भीलवाड़ा। लोक आस्था के महापर्व छठ पूजा को लेकर भीलवाड़ा में तैयारियां तेज हो गई हैं। पूर्वांचल जनचेतना सेवा समिति की ओर से शहर के मानसरोवर झील, वाटर वर्क्स और लव गार्डन स्थित छठ घाटों पर व्रतियों एवं श्रद्धालुओं की सुविधाओं के लिए विशेष व्यवस्थाएं की जा रही हैं। आयोजन को भव्य और सुव्यवस्थित बनाने में समिति के पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता जुटे हुए हैं। व्यवस्थाओं में प्रशासन का भी सहयोग मिल रहा है।

खबर प्रसार टाइम्स

समिति के मीडिया प्रभारी विक्रम झा ने बताया कि हर वर्ष की भांति इस बार भी मानसरोवर झील सहित प्रमुख छठ घाटों पर साफ-सफाई, पूजा-अर्चना और श्रद्धालुओं की सुविधाओं को लेकर विशेष इंतजाम किए जा रहे हैं। समिति का प्रयास है कि छठ व्रत करने वाली महिलाओं और उनके परिजनों को पूजा के दौरान किसी प्रकार की परेशानी नहीं हो।

संस्था अध्यक्ष अरुण राय ने बताया कि इस वर्ष छठ महापर्व का चार दिवसीय आयोजन 13 नवंबर से शुरू होगा। पर्व के पहले दिन 13 नवंबर को नहाय-खाय के साथ शुरुआत होगी। दूसरे दिन 14 नवंबर को खरना किया जाएगा। इसके बाद 15 नवंबर को व्रती महिलाएं अस्ताचलगामी सूर्य को अर्घ्य अर्पित करेंगी। वहीं 16 नवंबर को उगते सूर्य को अर्घ्य देने के साथ महापर्व का समापन होगा। इसके बाद व्रती महिलाएं पारण कर अपना निर्जला व्रत पूर्ण करेंगी।

भोजपुरी कलाकारों की प्रस्तुतियां रहेंगी विशेष आकर्षण

छठ महापर्व के अवसर पर मानसरोवर झील पर विशेष सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा। इसमें भोजपुरी जगत के चर्चित कलाकार अपनी प्रस्तुतियां देंगे। कार्यक्रम में मुख्य गायिका संगीता तिवारी अपनी आवाज का जादू बिखेरेंगी। वहीं भोला पांडे, देवेश सिंह कुंदन, पूनम पांडे और नीरज प्रिया साथी भी अपनी गायकी से श्रद्धालुओं को लोक संस्कृति और भोजपुरी संगीत से रूबरू कराएंगे।

भोजपुरी गीत-संगीत और पारंपरिक लोक संस्कृति से सजा यह कार्यक्रम श्रद्धालुओं के लिए विशेष आकर्षण रहेगा।

समिति पदाधिकारियों ने बताया कि छठ महापर्व केवल धार्मिक अनुष्ठान नहीं, बल्कि आस्था, सामाजिक एकता और पारिवारिक परंपराओं का प्रतीक है। सभी के सहयोग से पर्व को श्रद्धा, उत्साह और बेहतर व्यवस्थाओं के साथ संपन्न कराने की तैयारियां की जा रही हैं।

खबर को शेयर करे :-
KP Times
KP Times
KP Times App
खबरें पढ़ें सीधे हमारे Android App पर
APP डाउनलोड