सांसद दामोदर अग्रवाल ने प्रेस कॉन्फ्रेंस में दी जनजातीय गौरव पखवाड़े और सप्ताह की जानकारी, जल-जंगल-जमीन की रक्षा के लिए बिरसा मुंडा के बलिदान को किया याद
भीलवाड़ा। आगामी 15 नवंबर को भगवान बिरसा मुंडा की 151वीं जन्म जयंती के उपलक्ष्य में मनाए जाने वाले जनजातीय गौरव दिवस और इससे जुड़े आयोजनों को लेकर भीलवाड़ा सांसद दामोदर अग्रवाल ने विशेष प्रेस कॉन्फ्रेंस को संबोधित किया। इस दौरान उन्होंने केंद्र सरकार की ओर से आयोजित किए जा रहे 15 दिवसीय ‘जनजातीय गौरव पखवाड़े’ तथा भारतीय जनता पार्टी की ओर से आयोजित होने वाले 7 दिवसीय ‘जनजातीय गौरव सप्ताह’ की जानकारी दी। उन्होंने कहा कि इन आयोजनों का मुख्य उद्देश्य आमजन को जनजातीय समाज के वास्तविक इतिहास, गौरवशाली परंपराओं और देश की आजादी में जनजातीय महापुरुषों के योगदान से परिचित कराना है।
जल, जंगल और जमीन की रक्षा के लिए किया सर्वोच्च बलिदान
सांसद दामोदर अग्रवाल ने भगवान बिरसा मुंडा को जनजातीय समाज का महानायक और ईश्वर तुल्य व्यक्तित्व बताते हुए कहा कि उन्होंने जल, जंगल और जमीन के अधिकारों के साथ जनजातीय स्वाभिमान, सभ्यता एवं संस्कृति की रक्षा के लिए ऐतिहासिक आंदोलन चलाया। मात्र 25 वर्ष की अल्पायु में उन्होंने देश और समाज के लिए सर्वोच्च बलिदान दिया। उन्होंने कहा कि देश की आजादी और सामाजिक कुरीतियों के खिलाफ संघर्ष करने वाले ऐसे महान जननायकों को इतिहास में उचित स्थान दिलाने तथा आमजन के हृदय में उनके प्रति सम्मान जागृत करने के लिए केंद्र सरकार निरंतर प्रयास कर रही है।
भीलवाड़ा में लगभग एक लाख जनजातीय आबादी, चलेंगे विशेष अभियान
सांसद ने बताया कि देशभर में लगभग 240 ऐसे जिले हैं, जहां जनजातीय आबादी 10 प्रतिशत से अधिक है। इन जिलों के साथ भीलवाड़ा में भी जनजातीय गौरव को लेकर विशेष जनजागरण अभियान चलाए जाएंगे। उन्होंने बताया कि भीलवाड़ा जिले में लगभग एक लाख अनुसूचित जनजाति वर्ग के लोग निवास करते हैं। जिले में जनजातीय समाज की संस्कृति, परंपराओं और गौरवशाली इतिहास को सामने लाने के साथ बच्चों की उचित शिक्षा, संस्कार और सामाजिक जागरूकता पर विशेष ध्यान दिया जाएगा।
जनजातीय समाज के समग्र विकास के लिए सरकार प्रतिबद्ध
सांसद अग्रवाल ने कहा कि केंद्र एवं राज्य सरकार जनजातीय क्षेत्रों के सर्वांगीण विकास के लिए प्रतिबद्ध हैं। सरकार की विभिन्न योजनाओं के माध्यम से शिक्षा, सामाजिक उत्थान, आधारभूत सुविधाओं और जनजातीय समाज के जीवन स्तर को बेहतर बनाने की दिशा में कार्य किया जा रहा है। जनजातीय गौरव पखवाड़े और सप्ताह के दौरान विभिन्न कार्यक्रमों के माध्यम से समाज के महापुरुषों के योगदान, संस्कृति और परंपराओं को नई पीढ़ी तक पहुंचाया जाएगा।
उन्होंने आमजन से इन आयोजनों में भागीदारी निभाने और भगवान बिरसा मुंडा सहित देश के अन्य जनजातीय स्वतंत्रता सेनानियों के योगदान को जानने का आह्वान किया।

