आर्थिक तंगी के कारण समाज का कोई भी मेधावी विद्यार्थी शिक्षा से वंचित नहीं रहे, इसके लिए संस्था करेगी प्रयास
भीलवाड़ा। माली सैनी अधिकारी-कर्मचारी संस्था के तत्वावधान में दीपावली स्नेह मिलन समारोह का आयोजन हर्षोल्लास एवं आत्मीयता के साथ किया गया। समारोह में समाज के वरिष्ठ अधिकारियों, कर्मचारियों एवं गणमान्य नागरिकों ने भाग लिया। सभी ने एक-दूसरे को दीपावली की शुभकामनाएं देते हुए समाज में आपसी प्रेम, सौहार्द और भाईचारे को मजबूत बनाने का संदेश दिया।
संस्था के वरिष्ठ जिला उपाध्यक्ष हरनारायण माली ने बताया कि कार्यक्रम संस्था के संरक्षक डॉ. शंकर लाल माली एवं मदनलाल माली के सानिध्य तथा जिला अध्यक्ष तोताराम माली की अध्यक्षता में आयोजित हुआ।
समारोह के पश्चात संस्था की कार्यकारिणी की बैठक आयोजित की गई, जिसमें संगठन की आगामी गतिविधियों एवं समाज के सर्वांगीण विकास को लेकर महत्वपूर्ण चर्चा की गई। बैठक में निर्णय लिया गया कि संस्था की कार्यकारिणी की मासिक बैठक प्रत्येक माह के प्रथम रविवार को आयोजित होगी।
बैठक में समाज में शिक्षा के स्तर को ऊंचा उठाने और विद्यार्थियों में शैक्षणिक जागरूकता बढ़ाने पर विशेष जोर दिया गया। साथ ही निर्णय लिया गया कि आर्थिक अभाव के कारण समाज का कोई भी मेधावी छात्र-छात्रा शिक्षा से वंचित नहीं रहे, इसके लिए संस्था के पदाधिकारी आवश्यक आर्थिक सहायता उपलब्ध कराने की दिशा में प्रयास करेंगे।
वक्ताओं ने समाज की एकजुटता, संगठन की मजबूती और युवा पीढ़ी को शिक्षा के माध्यम से आगे बढ़ाने की आवश्यकता पर बल दिया। समारोह सामाजिक समरसता और शिक्षा के प्रति सामूहिक जिम्मेदारी का संदेश देने वाला साबित हुआ।
इस अवसर पर संस्था सचिव कन्हैया लाल माली, कोषाध्यक्ष सूरज माली, रामनारायण माली, नंदलाल गढ़वाल, भेरुलाल रगस्या, भेरुलाल कुवाड़िया, आयुष सैनी, गोपाल माली, दीपचंद सैनी, लोकेश माली, सुरेंद्र गढ़वाल, जानकी लाल माली, प्रकाश माली, छगन माली सहित संस्था के पदाधिकारी एवं समाजजन उपस्थित रहे।

