भीलवाड़ा में नहाय-खाय के साथ छठ महापर्व का शुभारंभ, आज मानसरोवर झील पर सजेगी भव्य भोजपुरी भजन संध्या

खबर को शेयर करे :-

तीनों छठ घाटों पर विशेष व्यवस्थाएं, भोजपुरी गायिका संगीता तिवारी सहित चर्चित कलाकार देंगे प्रस्तुतियां, हजारों श्रद्धालुओं के पहुंचने की संभावना

भीलवाड़ा। लोक आस्था, सूर्य उपासना और प्रकृति के प्रति कृतज्ञता का महापर्व छठ शुक्रवार को नहाय-खाय के साथ शुरू हो गया। चार दिवसीय इस महापर्व को लेकर शहर में पूर्वांचल समाज सहित श्रद्धालुओं में खासा उत्साह देखने को मिल रहा है। पूर्वांचल जनचेतना सेवा समिति की ओर से मानसरोवर झील, वाटर वर्क्स और लव गार्डन स्थित छठ घाटों पर श्रद्धालुओं की सुविधाओं के लिए व्यापक तैयारियां की गई हैं।

खबर प्रसार टाइम्स

छठ घाटों पर साफ-सफाई, पूजा-अर्चना और व्रतियों की सुविधाओं को लेकर विशेष इंतजाम किए गए हैं। समिति के पदाधिकारी और कार्यकर्ता व्यवस्थाओं को अंतिम रूप देने में जुटे हुए हैं। आयोजन में प्रशासन का भी सहयोग मिल रहा है।

आज शाम मानसरोवर झील पर गूंजेंगे छठी मैया के भजन

छठ महापर्व के अवसर पर शुक्रवार शाम मानसरोवर झील पर भव्य भोजपुरी भजन संध्या एवं सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित होगा। इसमें भोजपुरी जगत की चर्चित गायिका संगीता तिवारी मुख्य प्रस्तुति देंगी। उनके साथ भोला पांडे, देवेश सिंह कुंदन, पूनम पांडे और नीरज प्रिया साथी भी अपनी प्रस्तुतियां देंगे। भोजपुरी भक्ति गीतों और छठी मैया के पारंपरिक गीतों से सजी इस संध्या में बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के शामिल होने की संभावना है।

प्रेस वार्ता में दी चार दिवसीय आयोजन की जानकारी

सर्किट हाउस में आयोजित प्रेस वार्ता में समिति पदाधिकारियों ने छठ महापर्व के कार्यक्रमों और विभिन्न घाटों पर की गई व्यवस्थाओं की जानकारी दी।

समिति के मीडिया प्रभारी विक्रम झा ने बताया कि मानसरोवर झील के साथ वाटर वर्क्स और लव गार्डन स्थित छठ घाटों पर भी विशेष तैयारियां की गई हैं। समिति का प्रयास है कि तीनों प्रमुख घाटों पर आने वाले व्रतियों और श्रद्धालुओं को पूजा के दौरान हरसंभव सुविधा उपलब्ध कराई जा सके।

संस्था अध्यक्ष अरुण राय ने बताया कि छठ महापर्व का चार दिवसीय आयोजन 13 नवंबर से 16 नवंबर तक चलेगा। पहले दिन शुक्रवार को नहाय-खाय के साथ पर्व का शुभारंभ हुआ। इस दिन व्रती महिलाएं पवित्र स्नान कर घरों की साफ-सफाई करती हैं और सात्विक भोजन ग्रहण कर व्रत का संकल्प लेती हैं।

14 नवंबर शनिवार को खरना होगा। इस दिन व्रती दिनभर उपवास रखकर शाम को पूजा-अर्चना के बाद गुड़ की खीर और रोटी का प्रसाद ग्रहण करेंगी। इसके बाद लगभग 36 घंटे का निर्जला व्रत शुरू होगा।

15 नवंबर रविवार को संध्या अर्घ्य दिया जाएगा। व्रती महिलाएं सूप में फल, ठेकुआ, गन्ना, नारियल एवं पूजन सामग्री लेकर घाटों पर पहुंचेंगी और अस्ताचलगामी सूर्य को अर्घ्य अर्पित करेंगी।

16 नवंबर सोमवार को उगते सूर्य को अर्घ्य देने के साथ महापर्व का समापन होगा। इसके बाद व्रती महिलाएं पारण कर अपना व्रत पूर्ण करेंगी।

आस्था, प्रकृति और सामाजिक एकता का प्रतीक है छठ

समिति के मुख्य संरक्षक मोहन शरण शास्त्री ने बताया कि छठ महापर्व केवल एक त्योहार नहीं, बल्कि आस्था, तपस्या, प्रकृति के प्रति कृतज्ञता और सामाजिक समरसता का प्रतीक है। यह पर्व सूर्य और प्रकृति के प्रति सम्मान के साथ परिवार, समाज और संस्कृति से जुड़े रहने का संदेश देता है। छठ पूजा में सभी वर्गों के लोग मिलकर सहभागिता निभाते हैं, जो सामाजिक एकता और भाईचारे का सुंदर उदाहरण है।

आयोजन को सफल बनाने में संरक्षक विजयानन्द झा, आनंद राय, एच.एल. बघेल, अशोक सिंह, सुरेश चंद्रवंशी, कामेश्वर शाह, संतोष झा, सचिव ओम प्रकाश सिंह, रोशन सिंह सहित समिति के अनेक पदाधिकारी और कार्यकर्ता सक्रिय भूमिका निभा रहे हैं।

समिति पदाधिकारियों ने बताया कि सभी के सामूहिक सहयोग से छठ महापर्व को भव्य, श्रद्धापूर्ण और सुव्यवस्थित तरीके से संपन्न कराया जाएगा।

खबर को शेयर करे :-
KP Times
KP Times
KP Times App
खबरें पढ़ें सीधे हमारे Android App पर
APP डाउनलोड