महापौर जसवंत कंवर ने किया तीन दिवसीय प्रतियोगिता का उद्घाटन, सात खेलों में होंगे रोमांचक मुकाबले
खेलों के माध्यम से बनाएं पहचान और भीलवाड़ा का नाम रोशन करें युवा: जसवंत कंवर
खेल भावना के साथ प्रदर्शन कर राष्ट्रीय प्रतियोगिताओं की तैयारी करें खिलाड़ी: अली हैदर
भीलवाड़ा। पालड़ी स्थित विद्या ग्लोबल स्कूल में शुक्रवार को खेल प्रतिभाओं का उत्साह और प्रतिस्पर्धा देखने को मिली। फिजिकल एजुकेशन फाउंडेशन ऑफ इंडिया (पीईएफआई) राजस्थान चैप्टर की ओर से आयोजित तीन दिवसीय राजस्थान स्टेट गेम्स-2026 का शुभारंभ 13 नवंबर को भव्य समारोह के साथ हुआ। प्रतियोगिता में प्रदेश के 20 से अधिक जिलों के खिलाड़ी भाग लेकर अपनी खेल प्रतिभा का प्रदर्शन कर रहे हैं।
कार्यक्रम की मुख्य अतिथि नगर निगम भीलवाड़ा की महापौर जसवंत कंवर रहीं। वहीं पीईएफआई के ऑर्गेनाइजिंग सेक्रेटरी एवं आयोजन सचिव अली हैदर, विद्या प्रोफेशनल एंड टेक्निकल कॉलेज की डायरेक्टर इंजीनियर गीता चौधरी तथा पार्षद निसार सिलावट विशिष्ट अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। अतिथियों ने खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन करते हुए प्रतियोगिता का विधिवत शुभारंभ किया।
मुख्य अतिथि महापौर जसवंत कंवर ने खिलाड़ियों को संबोधित करते हुए कहा कि खेल जीवन में अनुशासन, आत्मविश्वास और सकारात्मक सोच विकसित करने का महत्वपूर्ण माध्यम हैं। युवाओं को खेल गतिविधियों में बढ़-चढ़कर भाग लेना चाहिए और अपनी प्रतिभा के दम पर भीलवाड़ा का नाम प्रदेश एवं देश में रोशन करना चाहिए।
विशिष्ट अतिथि इंजीनियर गीता चौधरी ने अतिथियों का स्वागत करते हुए कहा कि विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास के लिए शिक्षा के साथ खेल और शारीरिक गतिविधियां भी बेहद जरूरी हैं। उन्होंने खिलाड़ियों को खेलों में निरंतर सक्रिय रहने और अपनी प्रतिभा को निखारने के लिए प्रेरित किया।
पीईएफआई के आयोजन सचिव अली हैदर ने खिलाड़ियों को खेल भावना के साथ प्रतियोगिताओं में भाग लेने का संदेश दिया। उन्होंने कहा कि खिलाड़ियों को बेहतर प्रदर्शन के साथ आगामी राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिताओं के लिए भी अभी से तैयारी करनी चाहिए।
अतिथियों ने कहा कि खेल विद्यार्थियों के शारीरिक और मानसिक विकास के साथ उनमें अनुशासन, आत्मविश्वास, टीम भावना और नेतृत्व क्षमता का विकास करते हैं। इस प्रकार के आयोजन ग्रामीण एवं शहरी क्षेत्रों में छिपी खेल प्रतिभाओं को अपनी क्षमता प्रदर्शित करने और आगे बढ़ने का अवसर प्रदान करते हैं।
पीईएफआई राजस्थान स्टेट गेम्स-2026 का आयोजन 13 से 15 नवंबर तक किया जा रहा है। तीन दिवसीय प्रतियोगिता में वॉलीबॉल, क्रिकेट, बास्केटबॉल, फुटबॉल, एथलेटिक्स, कराटे और बैडमिंटन सहित सात खेलों के मुकाबले आयोजित होंगे। प्रदेश के 20 से अधिक जिलों से पहुंचे खिलाड़ी विभिन्न स्पर्धाओं में पदक और खिताब के लिए अपनी चुनौती पेश करेंगे।
प्रतियोगिता का मुख्य उद्देश्य प्रदेश में खेल संस्कृति को बढ़ावा देना, युवा खिलाड़ियों को प्रतिस्पर्धा के लिए बेहतर मंच उपलब्ध कराना और प्रतिभाशाली खिलाड़ियों को राष्ट्रीय स्तर पर अपनी पहचान बनाने के अवसर प्रदान करना है।
कार्यक्रम का संचालन शुभम ओझा ने किया। अंत में आयोजन सचिव एवं पीईएफआई राजस्थान गेम्स समन्वयक संदीप सरगरा ने अतिथियों, विद्यालय प्रबंधन, सहयोगकर्ताओं, कोच और खिलाड़ियों का आभार व्यक्त किया।
