शाहपुरा के मोडिया बड़ बालाजी मंदिर में चोरी, दानपात्र तोड़कर नकदी ले गए चोर

खबर को शेयर करे :-

शाहपुरा (भीलवाड़ा) – राजेन्द्र खटीक । मोडिया बड़ स्थित बालाजी मंदिर में बीती रात अज्ञात चोरों ने चोरी की वारदात को अंजाम दिया। चोर मंदिर का ताला तोड़कर अंदर घुसे और दानपात्र तोड़कर उसमें रखी नकदी चुरा ले गए। इसके बाद खाली दानपात्र को पास स्थित देवनारायण मंदिर के समीप फेंक दिया। चोरों ने मौके पर रखी एक तलवार को भी सड़क पर फेंक दिया।

मंदिर के पुजारी रामगोपाल धाकड़ ढाणी ने बताया कि 20 अगस्त की रात सेवा-पूजा के बाद वह घर चले गए थे। 21 अगस्त की सुबह करीब 4:30 बजे मंदिर पहुंचे तो चोरी की घटना का पता चला। चोरों ने पास स्थित देवनारायण मंदिर का ताला भी तोड़ा और वहां से सामान चुरा लिया। इसके अलावा पुजारी के कमरे में भी घुसकर सामान अस्त-व्यस्त कर दिया तथा कमरे में रखे करीब 3 हजार रुपए, 5 किलो घी सहित अन्य जरूरी सामान चोरी कर ले गए।

घटना की सूचना मिलने पर विश्व हिंदू परिषद के प्रांत गौ रक्षा प्रमुख रामेश्वर लाल धाकड़ सहित कई श्रद्धालु मौके पर पहुंचे। श्रद्धालुओं की ओर से पुलिस प्रशासन को लिखित रिपोर्ट सौंपकर चोरों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की गई।

विश्व हिंदू परिषद के प्रांत गौ रक्षा प्रमुख रामेश्वर लाल धाकड़ ने पुलिस प्रशासन को तीन दिन में चोरों को पकड़ने की मांग की है। उन्होंने कहा कि निर्धारित समय में कार्रवाई नहीं होने पर सैकड़ों श्रद्धालुओं और हिंदू संगठनों के साथ ज्ञापन दिया जाएगा। आश्वासन नहीं मिलने पर धरना-प्रदर्शन की चेतावनी भी दी गई है।

मौके पर पुजारी रामगोपाल धाकड़ ढाणी, रामेश्वर लाल धाकड़, एडवोकेट अक्षय रबारी, प्रॉपर्टी एसोसिएशन अध्यक्ष सुरेश गुर्जर, कालूराम धाकड़, अशोक खाती, भंवरलाल मीणा, ओम प्रकाश सेन, राजेंद्र कुमार धाकड़, देवेंद्र कुमार, राहुल शर्मा सहित कई श्रद्धालु मौजूद रहे।

खबर को शेयर करे :-