हरि शेवा उदासीन आश्रम में विशाल निःशुल्क जांच एवं चिकित्सा परामर्श शिविर का सफल आयोजन

खबर को शेयर करे :-

भीलवाड़ा। हरि शेवा उदासीन आश्रम सनातन मंदिर के महामंडलेश्वर स्वामी हंसराम जी उदासीन के पावन सानिध्य में रविवार 15 नवंबर को हरि शेवा उदासीन आश्रम में विशाल निःशुल्क जांच एवं चिकित्सा परामर्श शिविर का सफल आयोजन किया गया। संगतानी परिवार की ओर से अपने माता-पिता स्व. माता सीता देवी एवं स्व. किशनचंद लीलाराम संगतानी की पुण्य स्मृति में आयोजित यह शिविर डॉ. अशोक कुमार खटवानी की देखरेख में संपन्न हुआ। शिविर में भीलवाड़ा शहर के प्रख्यात एवं वरिष्ठ चिकित्सकों ने अपनी निःशुल्क सेवाएं प्रदान कीं।

लक्ष्य से दोगुने मरीजों ने उठाया लाभ

खबर प्रसार टाइम्स

शिविर के दौरान लगभग 225 से अधिक आउटडोर मरीजों की निःशुल्क जांच एवं परामर्श किया गया। मरीजों की सुविधा के लिए रक्त (ब्लड) व अन्य आवश्यक जांचों के साथ-साथ हंसगंगा हरिशेवा फिजियोथेरेपी सेंटर के माध्यम से फिजियोथेरेपी की सुविधा भी उपलब्ध कराई गई। महामंडलेश्वर स्वामी हंसराम जी उदासीन ने मीडिया से बातचीत में कहा कि संगतानी परिवार ने पहली बार यह शिविर लगाया है और इसमें लक्ष्य (लगभग 125) से दोगुनी संख्या में मरीजों ने स्वास्थ्य लाभ लिया।

इन विशेषज्ञ चिकित्सकों ने दी सेवाएं

शिविर में निम्नलिखित वरिष्ठ चिकित्सकों ने मरीजों का परीक्षण कर उचित परामर्श दिया:
डॉ. आलोक मित्तल – वरिष्ठ जनरल फिजिशियन, डॉ. ऋषि कुमार टेलर – जनरल फिजिशियन (महात्मा गांधी चिकित्सालय, भीलवाड़ा),
डॉ. वीरभान चंचलानी – मनोरोग विशेषज्ञ, डॉ. कृष्ण पाल – जनरल फिजिशियन, डॉ. रोहित शर्मा, डॉ. कुणाल शर्मा एवं डॉ. गजल सनाढ्य – फिजियोथेरेपिस्ट, डॉ. द्रोण शर्मा – यूरोलॉजिस्ट, डॉ. कोपल गुप्ता गेस्ट्रोएन्ट्रोलॉजिस्ट ने अपनी सेवाएं दी।

महामंडलेश्वर ने की सराहना, दिया सेवा का संदेश

महामंडलेश्वर स्वामी हंसराम जी उदासीन ने कहा कि परमात्मा और हरि शेवा धाम के समाधि वाले महापुरुषों की कृपा से यह शिविर अत्यंत सफल रहा और सभी मरीज संतुष्ट होकर लौटे। उन्होंने पूरे संगतानी परिवार और उनके इष्ट-मित्रों द्वारा दी गई स्वैच्छिक सेवाओं की सराहना करते हुए कहा कि “जीवन में सच्चा सुख “सुख चाहो तो सेवा करो- सुख चाहो तो सिमरन करो।” साथ ही उन्होंने सिंधी समाज सहित सर्व सनातनी समाज से आह्वान किया कि वे अपने पूर्वजों की स्मृति में इसी प्रकार के जनसेवा के कार्य करते रहें।

संगतानी परिवार ने जताया आभार

चंद्रकुमार संगतानी ने बताया कि वे पिछले लगभग 32 वर्षों से भीलवाड़ा में वस्त्र व्यवसाय से जुड़े हैं और शहर ने उन्हें बहुत कुछ दिया है। समाज के प्रति अपने दायित्व को निभाने की भावना से उन्होंने अपने माता-पिता के आशीर्वाद से इस सेवा प्रकल्प की शुरुआत की है और भविष्य में भी ऐसे सुव्यवस्थित सामाजिक कार्य जारी रखेंगे। उन्होंने इस सफल आयोजन के लिए अपनी धर्मपत्नी, दोनों पुत्रों व दोनों पुत्रवधुओं तथा सभी सहयोगियों का हृदय से आभार व्यक्त किया।

खबर को शेयर करे :-
KP Times
KP Times
KP Times App
खबरें पढ़ें सीधे हमारे Android App पर
APP डाउनलोड