जिला माहेश्वरी महिला संगठन की आठवें सत्र की बैठक मांडल में संपन्न, भाषण प्रतियोगिता में बनेड़ा रहा प्रथम

खबर को शेयर करे :-

‘रिश्तों की रोशनी’ नाटक प्रतियोगिता में गंगापुर ने मारी बाजी, महिलाओं ने संगठन की मजबूती और आत्मनिर्भरता पर रखे विचार

भीलवाड़ा। जिला माहेश्वरी महिला संगठन के आठवें सत्र की बैठक एवं कार्य समिति तथा कार्यकारिणी बैठक मांडल में आयोजित हुई। बैठक में जिले की विभिन्न तहसीलों से संगठन की अध्यक्ष, सचिव एवं पदाधिकारियों ने भाग लिया। कार्यक्रम में संगठन की गतिविधियों, महिला सशक्तिकरण, सामाजिक सहभागिता और समाज के विकास में महिलाओं की भूमिका पर चर्चा की गई।

कार्यक्रम की शुरुआत में मांडल अध्यक्ष सुधा बिड़ला ने सभी अतिथियों एवं सदस्यों का शाब्दिक स्वागत किया। इस अवसर पर राष्ट्रीय कोषाध्यक्ष ममता मोदानी, प्रदेश अध्यक्ष सीमा कोगटा, जिला अध्यक्ष भारती बाहेती, जिला सचिव निशा काकानी, जिला कोषाध्यक्ष दिव्या काल्या एवं संगठन मंत्री इंद्रा झंवर सहित अन्य पदाधिकारियों ने समाज को आगे बढ़ाने में महिलाओं की भूमिका और संगठनात्मक गतिविधियों को प्रभावी बनाने पर अपने विचार व्यक्त किए।

प्रदेश अध्यक्ष सीमा कोगटा ने कहा कि सभी सदस्यों को संगठन की बैठकों में अनिवार्य रूप से उपस्थित रहना चाहिए तथा समाजहित में अधिक से अधिक कार्यक्रम आयोजित करने चाहिए। जिला कोषाध्यक्ष दिव्या काल्या ने आय-व्यय का विवरण प्रस्तुत किया, वहीं संगठन मंत्री ने संगठनात्मक रिपोर्ट सदन के समक्ष रखी।

भाषण एवं ‘रिश्तों की रोशनी’ नाटक प्रतियोगिता आयोजित

बैठक के दौरान परिवार प्रबोधन समिति के अंतर्गत भाषण प्रतियोगिता एवं रिश्तों पर आधारित नाटक प्रतियोगिता ‘रिश्तों की रोशनी’ का आयोजन किया गया। इन प्रतियोगिताओं का सफल संचालन प्रकल्प प्रमुख डॉ. चेतना जागेटिया एवं जिला उपाध्यक्ष डॉ. राखी राठी के निर्देशन में हुआ।

भाषण प्रतियोगिता में बनेड़ा की राधा दरगड़ ने प्रथम तथा शाहपुरा की चन्दा डोडिया ने द्वितीय स्थान प्राप्त किया। वहीं ‘रिश्तों की रोशनी’ नाटक प्रतियोगिता में गंगापुर ने प्रथम, भीलवाड़ा ने द्वितीय तथा बनेड़ा ने तृतीय स्थान हासिल किया।

गोवर्धनजी की झांकी सजाकर लगाया छप्पन भोग

कार्यक्रम के समापन पर मांडल की महिलाओं ने भगवान गोवर्धनजी की आकर्षक झांकी सजाई तथा छप्पन भोग अर्पित किया। इस दौरान भक्ति एवं उत्साह का माहौल रहा। वहीं आत्मनिर्भरता की दिशा में कार्य कर रही महिलाओं को प्रोत्साहित करने के उद्देश्य से स्वर्णिम शक्ति वंदनम् समिति की ओर से हाट बाजार भी लगाया गया, जिसमें महिलाओं ने अपने उत्पादों एवं स्वरोजगार से जुड़ी गतिविधियों का प्रदर्शन किया।

कार्यक्रम में पूर्व जिला अध्यक्ष प्रीति लोहिया, प्रदेश उपाध्यक्ष मोना डाड, प्रदेश प्रकल्प प्रमुख सोनल माहेश्वरी, राष्ट्रीय कार्यसमिति सदस्य मनोरमा कालिया, राष्ट्रीय सह प्रभारी मीनू झंवर, राष्ट्रीय ट्रस्टी संध्या आगीवाल, अंकिता राठी सहित जिले की सभी तहसीलों की अध्यक्ष, सचिव एवं संगठन की सदस्य बहनें उपस्थित रहीं।

खबर को शेयर करे :-
KP Times
KP Times
KP Times App
खबरें पढ़ें सीधे हमारे Android App पर
APP डाउनलोड