एनडीपीएस श्रेणी और इंजेक्शनों के खरीद-बिक्री रिकॉर्ड में मिली गड़बड़ी, दुकान में दो बेड और डस्टबिन मिलने पर अवैध चिकित्साभ्यास का मामला आया सामने
भीलवाड़ा, 21 नवंबर। भीलवाड़ा के सुभाषनगर स्थित लवकुश मेडिकल स्टोर पर चिकित्सा विभाग, औषधि नियंत्रण विभाग और पुलिस प्रशासन की संयुक्त टीम ने कार्रवाई करते हुए दवाओं की खरीद-बिक्री में गंभीर अनियमितताएं पकड़ी हैं। जांच के दौरान एनडीपीएस श्रेणी की दवाओं और विभिन्न प्रकार के इंजेक्शनों के रिकॉर्ड में गड़बड़ी मिली। इसके साथ ही बिना चिकित्सक की परामर्श पर्ची और बिना बिल के दवाओं का विक्रय किए जाने का मामला भी सामने आया। विभाग ने मेडिकल स्टोर का लाइसेंस निरस्त करने के लिए प्रस्ताव भेजा है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार 21 नवंबर को चिकित्सा विभाग के अधिकारी एवं जिला औषधि नियंत्रण अधिकारी मनीष कुमार, ब्लॉक मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. अंकित शर्मा (सुवाणा) तथा पुलिस प्रशासन की संयुक्त टीम ने उपलब्ध गवाहों की मौजूदगी में लवकुश मेडिकल स्टोर का निरीक्षण किया। फर्म मालिक रामप्रसाद की धर्मपत्नी की सहमति से दुकान खुलवाकर उसकी गहनता से जांच की गई।
जांच के दौरान टीम ने विभिन्न प्रकार के इंजेक्शनों एवं एनडीपीएस श्रेणी की दवाओं के क्रय-विक्रय संबंधी विवरण की जांच की। इसमें पाया गया कि फर्म मालिक रामप्रसाद द्वारा दवाओं के खरीद-बिक्री बिलों को शेड्यूल एच-1 रजिस्टर में संधारित नहीं किया गया था। वहीं, जांच के दौरान इंजेक्शनों, एनडीपीएस श्रेणी एवं शेड्यूल एच की दवाओं के विक्रय बिल भी बिल बुक में जारी नहीं किए जाना पाया गया।
जांच में सामने आया कि मेडिकल स्टोर से दवाओं का विक्रय बिना किसी चिकित्सक की परामर्श पर्ची और बिना बिल के किया जा रहा था। इसके अलावा दुकान में टीम को दो बेड और डस्टबिन लगे हुए मिले। जांच रिपोर्ट के अनुसार इनका उपयोग फर्म मालिक रामप्रसाद द्वारा अवैध रूप से चिकित्साभ्यास करने में किया जाना पाया गया।
मौके पर तैयार की गई जांच रिपोर्ट के आधार पर संबंधित फर्म को जारी लाइसेंस निरस्त करने के लिए औषधि अनुज्ञापन प्राधिकारी एवं सहायक औषधि नियंत्रक, भीलवाड़ा को प्रस्तावित किया गया है।
औषधि विभाग की इस कार्रवाई से मेडिकल स्टोर संचालकों में हड़कंप मच गया। अब संबंधित प्राधिकारी की ओर से जांच रिपोर्ट के आधार पर लाइसेंस निरस्तीकरण को लेकर आगामी कार्रवाई की जाएगी।
