जहाजपुर नवनिर्वाचित पालिका की पहली बोर्ड बैठक कल, अलकेश वैष्णव करेंगी अध्यक्षता

खबर को शेयर करे :-

विकास कार्यों से लेकर सफाई-विद्युत व्यवस्था और त्योहारों की तैयारियों पर होगा मंथन, वाहन खरीद का मुद्दा भी एजेंडे में

जहाजपुर (मोहम्मद आज़ाद नेब) नगर पालिका की साधारण सभा की बैठक सोमवार को सुबह 11:15 बजे पालिका कार्यालय स्थित सभा भवन में आयोजित होगी। बैठक की अध्यक्षता नगर पालिका जहाजपुर की अध्यक्ष अलकेश वैष्णव करेंगी। बैठक को लेकर पालिका प्रशासन की ओर से सूचना जारी कर मंडल के सभी सदस्यों से उपस्थित रहने का आग्रह किया गया है।

बैठक में शहर के विकास कार्यों सहित विभिन्न महत्वपूर्ण मुद्दों पर चर्चा प्रस्तावित है। जारी एजेंडे के अनुसार विकास कार्यों पर चर्चा, सफाई एवं विद्युत व्यवस्था की समीक्षा, विभिन्न सांस्कृतिक एवं राष्ट्रीय पर्वों के आयोजन तथा कार्यालय उपयोग के लिए वाहन खरीद के प्रस्ताव पर विचार-विमर्श किया जाएगा।

बैठक में स्वतंत्रता दिवस, गणतंत्र दिवस, दशहरा, दीपावली, होली, आषाढ़ी नवमी, मोहर्रम, ईद सहित अन्य त्योहारों के आयोजन को लेकर भी चर्चा होगी। वहीं पालिका क्षेत्र के कार्यों के लिए वाहन खरीद का मुद्दा भी बैठक में रखा गया है।

नगर पालिका की यह बैठक शहर की व्यवस्थाओं और आगामी आयोजनों की तैयारियों के लिहाज से महत्वपूर्ण मानी जा रही है। अब बैठक में इन प्रस्तावों पर पार्षदों की ओर से क्या सुझाव और निर्णय सामने आते हैं, इस पर नजर रहेगी।

खबर को शेयर करे :-