भीलवाड़ा। शहर की सरस डेयरी परिसर में संभावित एयर स्ट्राइक (हवाई हमले) और उसके बाद आग लगने की सूचना मिलते ही जिला प्रशासन, पुलिस और दमकल विभाग के अमले में हड़कंप मच गया। सूचना मिलते ही तमाम आला अधिकारी, पुलिस बल और दमकल की गाड़ियां तुरंत मौके पर पहुंचीं, लेकिन वहां पहुंचने पर यह नागरिक सुरक्षा (Civil Defence) और आपदा प्रबंधन की तैयारियों को परखने के लिए आयोजित मॉक ड्रिल निकली।
जानकारी के अनुसार, डेयरी परिसर में आपातकालीन सायरन बजते ही ब्लैकआउट प्रोटोकॉल के तहत एहतियातन बिजली आपूर्ति बंद कर दी गई। इसके बाद प्रशासन, पुलिस, नागरिक सुरक्षा दल और अग्निशमन विभाग की टीमों ने संयुक्त रूप से मोर्चा संभाला और कम समय में मौके पर पहुंचकर राहत-बचाव तथा आग बुझाने का अभ्यास किया।
मौके पर मौजूद प्रशासनिक व पुलिस अधिकारियों ने आपात स्थिति के दौरान सभी विभागों के आपसी समन्वय, रिस्पॉन्स टाइम और सुरक्षा संसाधनों की तत्परता का बारीकी से जायजा लिया। इस मॉक ड्रिल का मुख्य उद्देश्य किसी भी विपरीत या युद्धकालीन आपात स्थिति में जान-माल की सुरक्षा सुनिश्चित करना और प्रशासनिक मुस्तैदी को परखना था।
