संविधान दिवस पर विद्या कॉलेज में हुआ विकसित भारत युवा संवाद, विद्यार्थियों ने समझा संविधान का महत्व

खबर को शेयर करे :-

भित्ति चित्र प्रदर्शनी, प्रश्नोत्तरी प्रतियोगिता और 3D इंटरएक्टिव संसद मॉडल रहे आकर्षण का केंद्र, ऋषभ चतुर्वेदी ने युवाओं को विकसित भारत-2047 के लिए किया प्रेरित

भीलवाड़ा। संविधान दिवस के अवसर पर युवा कार्यक्रम एवं खेल मंत्रालय, भारत सरकार के तत्वावधान में मेरा युवा भारत, भीलवाड़ा की ओर से विद्या प्रोफेशनल एंड टेक्निकल कॉलेज में विकसित भारत युवा संवाद कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में मुख्य वक्ता एवं यूथ आइकन ऋषभ चतुर्वेदी ने विद्यार्थियों को भारतीय संविधान के महत्व, लोकतांत्रिक मूल्यों और राष्ट्र निर्माण में युवाओं की भूमिका के बारे में जानकारी दी।

कार्यक्रम के तहत महाविद्यालय के राजनीति विज्ञान विभाग की ओर से भित्ति चित्र प्रदर्शनी और प्रश्नोत्तरी प्रतियोगिता आयोजित की गई। प्रतियोगिता में लक्षिता सोनी एवं राकेश बिश्नोई ने प्रथम स्थान प्राप्त किया, जबकि त्रिशला काथेड़ एवं प्रज्ञा रानी सेन द्वितीय स्थान पर रहे। विद्यार्थियों ने संविधान के विभिन्न पहलुओं, नागरिक अधिकारों और लोकतांत्रिक मूल्यों पर अपनी जानकारी एवं रचनात्मक प्रतिभा का प्रदर्शन किया।

मुख्य वक्ता ऋषभ चतुर्वेदी ने अपने संबोधन में कहा कि भारतीय संविधान देश की लोकतांत्रिक व्यवस्था की मजबूत नींव है। उन्होंने युवाओं से संविधान में निहित आदर्शों और मूल्यों को अपने जीवन में अपनाने का आह्वान किया। साथ ही विकसित भारत-2047 के लक्ष्य को प्राप्त करने के लिए अभी से योजनाबद्ध तरीके से प्रयास करने, नवाचार को बढ़ावा देने और राष्ट्र निर्माण की गतिविधियों में सक्रिय भागीदारी निभाने के लिए प्रेरित किया।

कार्यक्रम के दूसरे सत्र में विद्यार्थियों को भारतीय संविधान की प्रस्तावना का सामूहिक वाचन करवाया गया। इसके साथ ही मतदान के प्रति जागरूकता बढ़ाने के उद्देश्य से विद्यार्थियों को मतदान जागरूकता की शपथ दिलाई गई।

कार्यक्रम में विद्यार्थियों की ओर से तैयार किए गए संसद भवन के 3D इंटरएक्टिव मॉडल तथा मौलिक अधिकारों एवं मौलिक कर्तव्यों पर आधारित मॉडल विशेष आकर्षण का केंद्र रहे। इन मॉडलों के माध्यम से विद्यार्थियों ने संविधान की संरचना और नागरिकों की जिम्मेदारियों को रचनात्मक ढंग से प्रस्तुत किया।

कार्यक्रम का संचालन डॉ. सुमित्रा टेलर एवं अंजना लाखन ने किया। आयोजन महाविद्यालय की निदेशक इंजीनियर गीता चौधरी, डॉ. अशोक कुमार चौधरी एवं प्राचार्य डॉ. जसवंत सिंह के आतिथ्य में संपन्न हुआ।

कार्यक्रम के माध्यम से विद्यार्थियों को संविधान के प्रति जागरूक करने के साथ ही लोकतांत्रिक प्रक्रियाओं, नागरिक कर्तव्यों और विकसित भारत के निर्माण में युवाओं की भागीदारी का संदेश दिया गया।

खबर को शेयर करे :-
KP Times
KP Times
KP Times App
खबरें पढ़ें सीधे हमारे Android App पर
APP डाउनलोड