नौतपा के दौरान नि:शुल्क होम्योपैथिक दवाइयों का होगा वितरण
शाहपुरा (भीलवाड़ा)-राजेन्द्र खटीक।
भीषण गर्मी और लगातार बढ़ते तापमान को देखते हुए यूनिवर्सिटी कॉलेज ऑफ होमियोपैथी, केकड़ी द्वारा आमजन को लू और हीट स्ट्रोक से बचाने के लिए विशेष जन-जागरूकता अभियान शुरू किया गया है। बुधवार को केकड़ी बस स्टैंड परिसर में नि:शुल्क होम्योपैथिक औषधि वितरण एवं जागरूकता शिविर आयोजित किया गया।
शिविर में बड़ी संख्या में लोगों ने भाग लेकर स्वास्थ्य संबंधी जानकारी प्राप्त की। चिकित्सा विशेषज्ञों ने लोगों को गर्मी के मौसम में सावधानी बरतने और लू से बचाव के उपाय बताए। इस दौरान करीब 130 लोगों को नि:शुल्क होम्योपैथिक दवाइयों का वितरण किया गया।
शिविर का संचालन चिकित्सा प्रभारी डॉ. अंशुल चाहर के नेतृत्व में किया गया। इस अवसर पर फॉरेंसिक मेडिसिन विभागाध्यक्ष डॉ. गौरव गुप्ता, डॉ. भारत शर्मा, डॉ. भगवान सिंह बेरवा, कंपाउंडर प्रकाश जैन एवं वीरेंद्र प्रताप सिंह ने सेवाएं दीं।
चिकित्सकों ने सलाह दी कि तेज धूप में निकलने से बचें, पर्याप्त मात्रा में पानी पीएं, सिर को ढककर रखें और हल्के सूती कपड़ों का उपयोग करें। साथ ही दोपहर 12 बजे से 4 बजे के बीच अनावश्यक रूप से बाहर नहीं निकलने की सलाह दी गई।
विशेषज्ञों ने बताया कि गर्मी के मौसम में नींबू पानी, छाछ, ओआरएस और ताजे फलों का सेवन शरीर में पानी और इलेक्ट्रोलाइट्स की कमी को रोकने में मदद करता है।
महाविद्यालय के प्राचार्य एवं चिकित्सालय अधीक्षक डॉ. पुनीत आर. शाह ने बताया कि आगामी नौतपा को ध्यान में रखते हुए 25 मई से 2 जून तक महाविद्यालय चिकित्सालय परिसर में प्रतिदिन नि:शुल्क होम्योपैथिक औषधियों का वितरण किया जाएगा।
शिविर के सफल आयोजन में भारत विकास परिषद के पदाधिकारियों एवं सामाजिक कार्यकर्ताओं का भी सहयोग रहा।
