टेक्सटाइल उद्योगपतियों से मिले, कांग्रेस और राहुल गांधी पर साधा निशाना
भीलवाड़ा।
केंद्रीय कानून एवं न्याय तथा संसदीय कार्य मंत्री अर्जुनराम मेघवाल शनिवार को भीलवाड़ा दौरे पर रहे। इस दौरान उन्होंने हमीरगढ़ स्थित हवाई पट्टी का निरीक्षण कर उसके विस्तार और विकास की संभावनाओं को लेकर अधिकारियों एवं जनप्रतिनिधियों से चर्चा की। केंद्रीय मंत्री ने सांसद दामोदर अग्रवाल से भी हवाई पट्टी के विकास को लेकर फीडबैक लिया।
भीलवाड़ा प्रवास के दौरान अर्जुनराम मेघवाल ने टेक्सटाइल ट्रेड फेडरेशन द्वारा आयोजित अभिनंदन समारोह में भी भाग लिया। कार्यक्रम में शहर के कई उद्योगपति और व्यापारिक संगठनों के प्रतिनिधि मौजूद रहे। मंत्री ने उद्योग जगत से जुड़े मुद्दों पर चर्चा करते हुए उद्यमियों को केंद्र सरकार की विभिन्न योजनाओं की जानकारी दी।
पत्रकारों से बातचीत के दौरान केंद्रीय मंत्री ने कांग्रेस पर निशाना साधते हुए कहा कि नारी शक्ति वंदन अधिनियम बिल पारित नहीं होने के पीछे कांग्रेस जिम्मेदार रही है। उन्होंने आरोप लगाया कि बिल के समर्थन को लेकर कांग्रेस ने अंतिम समय में अपना रुख बदल लिया था।
राहुल गांधी के बयानों पर प्रतिक्रिया देते हुए मेघवाल ने कहा कि राजनीति में विरोध हो सकता है, लेकिन शत्रुता नहीं होनी चाहिए। उन्होंने कहा कि जिस प्रकार की भाषा का उपयोग किया गया है, उसके लिए राहुल गांधी को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और गृहमंत्री से माफी मांगनी चाहिए।
वैश्विक परिस्थितियों और ईंधन संकट पर बोलते हुए केंद्रीय मंत्री ने कहा कि दुनिया में चल रहे युद्ध जैसे हालातों के बीच ईंधन बचाना जरूरी हो गया है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की अपील के बाद देशभर में ऊर्जा संरक्षण को लेकर जागरूकता बढ़ी है और विभिन्न राज्यों में इस दिशा में प्रयास किए जा रहे हैं।
कार्यक्रम के दौरान भाजपा पदाधिकारी, उद्योगपति और स्थानीय जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे।
