मदन राठौड़ बोले — देश को घोटालों और भ्रष्ट राजनीति से बचाने की जरूरत
जहाजपुर, 24 मई। भारतीय जनता पार्टी के पंडित दीनदयाल उपाध्याय प्रशिक्षण महाअभियान के तहत जहाजपुर स्थित स्वस्तिधाम मांगलिक भवन में आयोजित दो दिवसीय जिला प्रशिक्षण शिविर रविवार को नवाचारों और संगठनात्मक संदेशों के साथ संपन्न हुआ। शिविर में भाजपा की विचारधारा, संगठन विस्तार, बूथ प्रबंधन, सोशल मीडिया और राष्ट्रवाद जैसे विषयों पर विस्तृत चर्चा की गई।
समापन सत्र के मुख्य वक्ता भाजपा प्रदेश अध्यक्ष मदन राठौड़ रहे। उन्होंने कहा कि देश को घोटाले कर जमानतों पर चल रहे लोगों से बचाने की आवश्यकता है। उन्होंने कहा कि भाजपा सत्ता के लिए नहीं बल्कि राष्ट्र निर्माण की विचारधारा के लिए कार्य करती है। भारत को परम वैभव तक पहुंचाने के लिए कार्यकर्ताओं को लोकतंत्र का योद्धा बनकर काम करना होगा।
राठौड़ ने कहा कि भीलवाड़ा जिला संगठन द्वारा प्रशिक्षण शिविर में किए गए नवाचार पूरे प्रदेश के लिए प्रेरणादायक हैं।

इससे पहले दसवें सत्र में केंद्रीय कानून एवं संसदीय कार्य मंत्री अर्जुनराम मेघवाल ने कार्यकर्ताओं से अंत्योदय, एकात्म मानववाद और सांस्कृतिक राष्ट्रवाद की भावना को कार्यशैली में अपनाने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि समाज के अंतिम व्यक्ति तक विकास पहुंचाना भाजपा की मूल सोच है।

सातवें सत्र में पूर्व मंत्री एवं अजमेर दक्षिण विधायक अनीता भदेल ने बूथ प्रबंधन पर जोर देते हुए “मेरा बूथ-सबसे मजबूत” का मंत्र दिया। उन्होंने बूथ समितियों को मजबूत करने और घर-घर संपर्क बढ़ाने पर बल दिया।आठवें सत्र में महिला मोर्चा प्रदेश मंत्री मुकेश कंवर ने सोशल मीडिया और एआई के प्रभावी उपयोग पर चर्चा की। उन्होंने कार्यकर्ताओं से राष्ट्रहित से जुड़ी सकारात्मक पोस्ट को अधिक से अधिक साझा करने का आह्वान किया।
नौवें सत्र में जिले के भाजपा विधायकों ने मीडिया प्रबंधन, चुनाव प्रबंधन, कार्यालय संचालन और संगठनात्मक कार्यशैली को लेकर अपने अनुभव साझा किए।
प्लास्टिक मुक्त शिविर बना आकर्षण
प्रशिक्षण शिविर की विशेष बात इसका पूर्ण रूप से प्लास्टिक मुक्त आयोजन रहा। पर्यावरण संरक्षण को ध्यान में रखते हुए जूट फोल्डर, कागज के परिचय पत्र, कुल्हड़ में पेय पदार्थ और स्टील के बर्तनों का उपयोग किया गया। शिविर में शामिल कार्यकर्ताओं ने स्वयं अपने बर्तन साफ कर स्वच्छता का संदेश भी दिया।
ऑनलाइन क्विज और योग सत्र ने बढ़ाया उत्साह
शिविर के दौरान राष्ट्रीय मुद्दों और संगठन इतिहास पर आधारित ऑनलाइन क्विज प्रतियोगिता आयोजित की गई, जिसमें उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले प्रतिभागियों को ऑनलाइन प्रमाण पत्र प्रदान किए गए। दूसरे दिन की शुरुआत योग, प्राणायाम और राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ की शाखा गतिविधियों के साथ हुई।
कार्यक्रम में भाजपा जिलाध्यक्ष प्रशांत मेवाड़ा, सांसद दामोदर अग्रवाल, विधायक गोपीचंद मीणा, लालाराम बैरवा, उदयलाल भडाणा, गोपाल खंडेलवाल, लादूलाल पीतलिया सहित कई जनप्रतिनिधि और कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
