अवैध जल कनेक्शनों पर जलदाय विभाग की बड़ी कार्रवाई, 17 कनेक्शन काटे

खबर को शेयर करे :-

शाहपुरा में पानी की शिकायतों के बाद चला विशेष अभियान

शाहपुरा (भीलवाड़ा) – राजेन्द्र खटीक।
शाहपुरा शहर में जलदाय विभाग ने अवैध जल कनेक्शनों और पानी की बर्बादी के खिलाफ विशेष अभियान चलाते हुए 17 अवैध कनेक्शन काट दिए। विभाग को लगातार मिल रही जल आपूर्ति संबंधी शिकायतों के बाद यह कार्रवाई की गई।

जानकारी के अनुसार रामपुरा बस्ती, ज्योति नगर और भीलवाड़ा रोड क्षेत्र में अभियान चलाकर अवैध कनेक्शनों की जांच की गई। कार्रवाई के दौरान सहायक अभियंता शिवराज भील, कनिष्ठ अभियंता गौरव शर्मा सहित विभागीय कर्मचारी मौजूद रहे।

जलदाय विभाग ने बताया कि शहर में पानी की समस्या को नियंत्रित करने और जल वितरण व्यवस्था को सुचारू बनाए रखने के लिए अवैध कनेक्शनों पर लगातार कार्रवाई की जाएगी। विभाग ने यह भी स्पष्ट किया कि बकाया जल बिल वाले उपभोक्ताओं के कनेक्शन भी काटे जा रहे हैं।

इसके अलावा पानी की अनावश्यक बर्बादी करने वालों से जुर्माना वसूला जा रहा है। विभागीय टीम सुबह के समय जल आपूर्ति की नियमित जांच कर रही है और जिन घरों में नलों पर टोंटी नहीं लगी मिली, उनके खिलाफ भी कार्रवाई की जा रही है।

गर्मी के मौसम में बढ़ती पानी की आवश्यकता को देखते हुए विभाग ने आमजन से जल संरक्षण करने और पानी का जिम्मेदारी से उपयोग करने की अपील की है।

खबर को शेयर करे :-