सुरक्षा व्यवस्था को लेकर कई जिलों में अलर्ट, हरि शेवा उदासीन आश्रम में देंगे प्रवचन
भीलवाड़ा।
ज्योतिर्मठ अवांतर भानपुरा पीठ के जगद्गुरु शंकराचार्य स्वामी ज्ञानानंद तीर्थ जी महाराज 25 मई को भीलवाड़ा पहुंचेंगे। उनके प्रस्तावित प्रवास कार्यक्रम को लेकर राजस्थान, मध्यप्रदेश और उत्तरप्रदेश के प्रशासनिक एवं पुलिस विभागों ने सुरक्षा के विशेष इंतजाम किए हैं।
निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार जगद्गुरु शंकराचार्य स्वामी ज्ञानानंद तीर्थ अलीगढ़ जनपद के असरौई क्षेत्र से कार द्वारा भीलवाड़ा के लिए रवाना होंगे और देर रात्रि तक उनके भीलवाड़ा पहुंचने की संभावना है। प्रवास के दौरान वे आटूण रोड स्थित कमला पाम विला में ठहरेंगे। उनका यह धार्मिक प्रवास 31 मई 2026 तक रहेगा।
प्रवास के दौरान 26 मई से 30 मई तक वे हरि शेवा उदासीन आश्रम सनातन मंदिर में आयोजित भक्तमाल कथा में प्रतिदिन दोपहर 3 बजे से शाम 6 बजे तक प्रवचन देंगे। यह आयोजन महामंडलेश्वर स्वामी हंसराम उदासीन के सानिध्य में आयोजित किया जा रहा है।
इसके अलावा शंकराचार्य स्वामी ज्ञानानंद तीर्थ भीलवाड़ा जिले में विभिन्न धार्मिक एवं सामाजिक कार्यक्रमों में भी भाग लेंगे। प्रवास अवधि में उनके आवागमन के लिए विशेष वाहन व्यवस्था की गई है।
राज्य विशेष शाखा राजस्थान द्वारा उनकी सुरक्षा को देखते हुए एस्कॉर्ट श्रेणी की सुरक्षा उपलब्ध कराने के निर्देश जारी किए गए हैं। इसके तहत अलीगढ़, मथुरा, आगरा, भरतपुर, दौसा, जयपुर, टोंक, शाहपुरा, अजमेर और भीलवाड़ा सहित कई जिलों के प्रशासन और पुलिस अधिकारियों को सतर्क रहने के निर्देश दिए गए हैं।
धार्मिक प्रवास को लेकर श्रद्धालुओं में उत्साह का माहौल है और बड़ी संख्या में भक्तों के कथा एवं प्रवचन में शामिल होने की संभावना जताई जा रही है।
