भीलवाड़ा, 7 जून। अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस 21 जून 2026 के उपलक्ष्य में पतंजलि परिवार भीलवाड़ा द्वारा व्यापक तैयारियां शुरू कर दी गई हैं। इसी क्रम में अहिंसा सर्किल के पास जांगिड़ समाज कन्या छात्रावास परिसर में आयोजित होने वाले विशाल योगाभ्यास कार्यक्रम के लिए प्रोटोकॉल अनुसार सामान्य योग अभ्यासक्रम का पूर्वाभ्यास रविवार से प्रारंभ कर दिया गया।
भारत स्वाभिमान न्यास के जिला महामंत्री प्रेमशंकर जोशी ने बताया कि पतंजलि परिवार द्वारा संचालित विभिन्न नि:शुल्क योग कक्षाओं में योग दिवस के सामान्य योग अभ्यासक्रम का प्रशिक्षण दिया जा रहा है। शहर के ग्रामीण हाट में दुर्गालाल जोशी, शिवाजी पार्क में नीरा मेहता, आदर्श नगर में ममता शर्मा, सुभाष नगर बड़ा पार्क में स्नेहलता राणावत, विजय सिंह पथिक नगर बड़ा पार्क में प्रेमशंकर जोशी एवं रेखा आगाल, आरके कॉलोनी स्थित गौतम शिक्षण संस्थान में भंवरलाल शर्मा, आजाद नगर डी सेक्टर में पीयूष शर्मा, बापू नगर में छोटूसिंह एवं अशोक कनौजिया, साधना मंदिर में प्रदीप कुमार शर्मा तथा वरिष्ठ नागरिक भवन में प्रेमप्रकाश पुरोहित के मार्गदर्शन में नियमित योग कक्षाएं संचालित की जा रही हैं।
इन सभी केंद्रों पर प्रतिदिन प्रातः 6 बजे से 7:30 बजे तक योग दिवस के लिए निर्धारित सामान्य योग अभ्यासक्रम का पूर्वाभ्यास कराया जा रहा है। शहरवासी अपने योगा मैट या आसन के साथ पहुंचकर नि:शुल्क प्रशिक्षण का लाभ ले सकते हैं।
पतंजलि परिवार के पदाधिकारियों ने बताया कि शहर एवं जिले के अन्य क्षेत्रों में भी नई नि:शुल्क योग कक्षाएं प्रारंभ करने की योजना है। इसके लिए इच्छुक व्यक्ति पतंजलि परिवार के संरक्षक भूपेंद्र मोगरा, गोविंद सोडाणी, जिला प्रभारी भंवरलाल शर्मा, नीरा मेहता, पीयूष शर्मा, भीमाराम एवं धर्मपाल सिंह से संपर्क कर सकते हैं।
पतंजलि परिवार ने सभी नागरिकों से योग को दैनिक जीवन का हिस्सा बनाने तथा अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस के सामूहिक कार्यक्रम में अधिक से अधिक संख्या में भाग लेने का आह्वान किया है।
