वाहन चोरी के मामले में सुभाषनगर थाना पुलिस का बड़ा खुलासा, 18 मोटरसाइकिल बरामद

खबर को शेयर करे :-

हिस्ट्रीशीटर सहित दो आरोपी गिरफ्तार, शहर में सक्रिय वाहन चोर गिरोह का पर्दाफाश

भीलवाड़ा। सुभाषनगर थाना पुलिस ने वाहन चोरी के एक मामले का खुलासा करते हुए हिस्ट्रीशीटर गोपाल लाल कीर सहित दो आरोपियों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से चोरी की कुल 18 मोटरसाइकिलें बरामद की हैं।

जिला पुलिस अधीक्षक सागर राणा के निर्देशानुसार शहर में बढ़ रही वाहन चोरी एवं संपत्ति संबंधी वारदातों की रोकथाम तथा अपराधियों की गिरफ्तारी के लिए अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक पारसमल जैन एवं वृत्ताधिकारी हरजीराम के सुपरविजन में थानाधिकारी कैलाश कुमार के नेतृत्व में विशेष टीम का गठन किया गया।

थानाधिकारी कैलाश कुमार ने बताया कि 5 जून 2026 को मोतीनगर निवासी शंभूदयाल उपाध्याय ने अपनी एचएफ डीलक्स मोटरसाइकिल चोरी होने की रिपोर्ट दर्ज कराई थी। मामले में प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू की गई।जांच के दौरान पुलिस टीम ने सीसीटीवी फुटेज का विश्लेषण किया, मुखबिर तंत्र को सक्रिय किया तथा संदिग्ध व्यक्तियों से पूछताछ की। तकनीकी साक्ष्यों एवं फील्ड इंटेलिजेंस के आधार पर कार्रवाई करते हुए पुलिस ने दो आरोपियों को गिरफ्तार किया।

गिरफ्तार आरोपियों में सुवाणा निवासी हिस्ट्रीशीटर गोपाल लाल कीर (37) तथा भैरूलाल बैरवा (29) शामिल हैं। पूछताछ में दोनों आरोपियों ने वाहन चोरी की वारदातें करना स्वीकार किया। उनकी निशानदेही पर चोरी की गई 18 मोटरसाइकिलें बरामद की गईं।

बरामद वाहनों में अधिकांश हीरो एचएफ डीलक्स एवं हीरो स्प्लेंडर प्लस मोटरसाइकिलें शामिल हैं। कई वाहनों के नंबर प्लेट हटाए हुए पाए गए, जिससे उनकी पहचान छिपाई जा सके।

पुलिस के अनुसार आरोपी गोपाल लाल कीर के खिलाफ चोरी, लूट, आर्म्स एक्ट एवं अन्य गंभीर धाराओं में कई आपराधिक प्रकरण पूर्व से दर्ज हैं तथा वह थाना सदर का हिस्ट्रीशीटर है। वहीं भैरूलाल बैरवा के खिलाफ भी वाहन चोरी एवं आर्म्स एक्ट के मामले दर्ज हैं।कार्रवाई में थानाधिकारी कैलाश कुमार, हेड कांस्टेबल भैरूलाल तथा कांस्टेबल सोनू, सुनील, कन्हैया, अशोक एवं कैलाश की विशेष भूमिका रही।

पुलिस अब आरोपियों से पूछताछ कर अन्य चोरी की वारदातों एवं संभावित सहयोगियों के संबंध में जानकारी जुटा रही है।

खबर को शेयर करे :-