भीलवाड़ा। अधिवक्ता गोविंद मानमिया पर हुए जानलेवा हमले के मामले में आरोपी की पहचान कर लिए जाने का दावा किया गया है। पुलिस अधीक्षक सागर राणा ने जिला अभिभाषक संस्था के प्रतिनिधिमंडल को आरोपी की जल्द गिरफ्तारी का आश्वासन दिया है।
जिला अभिभाषक संस्था के अध्यक्ष उम्मेदसिंह राठौड़ के नेतृत्व में उपाध्यक्ष महिपाल सिंह राणावत, महासचिव पंकज दाधीच, रेवेन्यू महासचिव मनोहरलाल बुनकर, कोषाध्यक्ष रवि गोरानी, सह सचिव आदित्यसिंह चौहान, पुस्तकालय सचिव प्रताप तेली, मनोनीत सदस्य पंकज पंचोली, राघवेंद्रनाथ व्यास, ओमप्रकाश तेली, वंदना आमेटा, पीरू सिंह गौड़ और आनंद शर्मा सहित अधिवक्ताओं का प्रतिनिधिमंडल पुलिस अधीक्षक सागर राणा से मिला।
प्रतिनिधिमंडल ने अधिवक्ता गोविंद मानमिया पर हुए जानलेवा हमले की घटना में आरोपी की गिरफ्तारी को लेकर पुलिस अधीक्षक से जानकारी ली। इस पर पुलिस अधीक्षक ने बताया कि हमले की घटना में शामिल आरोपी की पहचान कर ली गई है। आरोपी पर इनाम घोषित करने की प्रक्रिया भी की जा रही है। वहीं आरोपी को शरण देने और उसे भगाने में मदद करने के आरोप में एक महिला को पुलिस द्वारा गिरफ्तार किया जा चुका है।
पुलिस अधीक्षक ने प्रतिनिधिमंडल को बताया कि आरोपी की गिरफ्तारी के लिए पुलिस लगातार प्रयास कर रही है और जल्द ही उसे गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
पुलिस अधीक्षक से हुई सकारात्मक वार्ता के बाद जिला अभिभाषक संस्था ने अपने आंदोलन को दो दिन के लिए स्थगित करने का निर्णय लिया। संस्था अध्यक्ष उम्मेदसिंह राठौड़ ने कहा कि यदि दो दिन के भीतर आरोपी की गिरफ्तारी नहीं होती है तो अधिवक्ताओं द्वारा उग्र आंदोलन किया जाएगा।
