भीलवाड़ा। अशोक सिंघल के जन्म शताब्दी वर्ष के उपलक्ष्य में विश्व हिंदू परिषद की दुर्गावाहिनी एवं मातृशक्ति की ओर से 17 अक्टूबर, शनिवार को भीलवाड़ा महानगर में शौर्य शक्ति संचलन का आयोजन किया जाएगा।
दुर्गावाहिनी की महानगर सहसंयोजिका अंबिका शर्मा एवं मातृशक्ति की विभाग संयोजिका गायत्री सोनी ने बताया कि शौर्य शक्ति संचलन नेहरू रोड स्थित मालियों के नोहरे से प्रारंभ होगा। संचलन शहर के प्रमुख मार्गों से होते हुए पुनः मालियों के नोहरे पहुंचकर संपन्न होगा। इसमें दुर्गावाहिनी एवं मातृशक्ति की बहनें घोष की धुन पर कदमताल करते हुए भाग लेंगी।
कार्यक्रम में दुर्गावाहिनी की राजस्थान क्षेत्र की संयोजिका लता पडिया मुख्य वक्ता के रूप में शामिल होंगी। संचलन को सफल बनाने के लिए दुर्गावाहिनी एवं मातृशक्ति की बहनों द्वारा महानगर के विभिन्न क्षेत्रों में जनसंपर्क किया जा रहा है।
संचलन के समापन के बाद सामूहिक संगत एवं पंगत का कार्यक्रम भी आयोजित होगा। आयोजन की तैयारियों एवं व्यवस्थाओं को लेकर महानगर स्तर पर बैठक आयोजित की गई, जिसमें विभिन्न व्यवस्थाओं के संचालन के लिए अलग-अलग टोलियों का गठन किया गया।
