दो दिन से नाले में फंसी गाय की बछड़ी को गौसेवकों ने सुरक्षित निकाला

खबर को शेयर करे :-

नाले पर पट्टियां ढकी होने से नहीं निकल पाई बछड़ी, अंधेरे और बंद नाले में गौसेवकों ने जान जोखिम में डालकर किया रेस्क्यू

भीलवाड़ा। बड़ला चौराहे से आगे सूर्यमहल रोड, शास्त्री नगर क्षेत्र में पिछले दो दिनों से नाले में फंसी गाय की बछड़ी को श्री राम गौसेवा समिति के गौसेवकों ने कड़ी मशक्कत के बाद सुरक्षित बाहर निकाला। सूचना मिलते ही समिति की टीम मौके पर पहुंची और रेस्क्यू अभियान शुरू किया।

श्री राम गौसेवा समिति के राम लखन ने बताया कि सूचना मिलने पर टीम मौके पर पहुंची तो देखा कि बछड़ी नाले में सीवरेज पाइपों के बीच फंसी हुई थी। नाले पर पट्टियां ढकी होने के कारण बछड़ी बाहर नहीं निकल पा रही थी। नाला पूरी तरह बंद होने से अंदर अंधेरा था, जिससे रेस्क्यू में काफी परेशानी का सामना करना पड़ा।

स्थिति को देखते हुए गौसेवक छोटू, दीपेश और रामजी ने बिना देरी किए नाले में उतरकर बछड़ी को बाहर निकालने का प्रयास शुरू किया। गौसेवकों ने बछड़ी को रस्सी से बांधा और धीरे-धीरे बाहर की ओर खींचा। ढक्कन वाली जगह तक पहुंचने के बाद राहगीरों और अन्य गौसेवकों की मदद से बछड़ी को सुरक्षित नाले से बाहर निकाला गया।

अबाहर निकालने के बाद बछड़ी को उपचार के लिए अस्पताल भिजवाया गया, जहां उसका उपचार करवाया गया।

रेस्क्यू अभियान के दौरान जसराज, विनोद, दीपेश, मोहित, विजय जी कसारा, राम लखन और सुनील सिंह सहित अन्य लोग मौजूद रहे। गौसेवकों की तत्परता और साहस से दो दिन से नाले में फंसी बछड़ी की जान बच सकी।

खबर को शेयर करे :-