एनीमिया की जांच कर छात्राओं को किया जागरूक, जीवनशैली परिवर्तन अभियान के तहत राजकीय बालिका विद्यालय में स्वास्थ्य परीक्षण

खबर को शेयर करे :-

भीलवाड़ा। जीवनशैली परिवर्तन अभियान के अंतर्गत राजकीय आयुर्वेदिक औषधालय सरदार नगर की ओर से राजकीय बालिका उच्च माध्यमिक विद्यालय, सरदार नगर में छात्राओं के स्वास्थ्य परीक्षण का आयोजन किया गया। इस दौरान छात्राओं के हीमोग्लोबिन की जांच की गई और एनीमिया से बचाव एवं समय पर उपचार को लेकर आवश्यक जानकारी दी गई।

राजकीय आयुर्वेदिक औषधालय सरदार नगर के प्रभारी डॉ. सरफराज अली खान ने बताया कि एनीमिया शरीर में रक्त की कमी से होने वाली स्थिति है। कमजोरी और चक्कर आना इसके प्रमुख लक्षणों में शामिल हैं। उन्होंने छात्राओं को इन लक्षणों के प्रति सजग रहने तथा आवश्यकता होने पर समय पर चिकित्सकीय जांच और उपचार कराने की सलाह दी।

डॉ. खान ने कहा कि एनीमिया की समय पर पहचान और उपचार नहीं होने पर समस्या गंभीर रूप ले सकती है। उन्होंने विद्यार्थियों से स्वास्थ्य के प्रति जागरूक रहने और स्वस्थ जीवनशैली अपनाने का आह्वान किया।

शिविर में आयुर्वेद नर्स माधुरी मीणा एवं योग प्रशिक्षक ममता जाट ने सहयोग किया। योग प्रशिक्षक कुलदीप सिंह एवं परिचारक सतीश मीणा ने आयुर्वेदिक दवाइयों का वितरण किया।

अभियान के माध्यम से छात्राओं को स्वास्थ्य संबंधी समस्याओं की समय रहते पहचान, आवश्यक जांच और उपचार के साथ स्वस्थ जीवनशैली अपनाने के प्रति जागरूक किया गया।

खबर को शेयर करे :-