ढिकोला विद्यालय में फिर हुआ जलभराव, कांग्रेस नेताओं ने उठाए सवाल
शाहपुरा (भीलवाड़ा) – राजेन्द्र खटीक।
ढिकोला । उपतहसील मुख्यालय ढिकोला स्थित राजकीय विद्यालय में एक बार फिर जलभराव की समस्या सामने आई है। सोमवार को हुई महज पांच मिनट की रिमझिम बारिश ने विद्यालय परिसर की व्यवस्थाओं की पोल खोल दी। बारिश के बाद विद्यालय परिसर में पानी भर गया और पूरा परिसर तालाब जैसा नजर आने लगा।
स्थानीय लोगों का कहना है कि यह समस्या नई नहीं है। कुछ दिन पूर्व भी विद्यालय में जलभराव को लेकर मुद्दा उठाया गया था, लेकिन अब तक स्थायी समाधान नहीं हो पाया है। विद्यालय में अध्ययनरत करीब एक हजार छात्र-छात्राओं को इससे परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
राजस्थान प्रदेश कांग्रेस कमेटी अभाव अभियोग प्रकोष्ठ के प्रदेश सचिव मनीष नायक ने आरोप लगाया कि विद्यालय की समस्या को लेकर संबंधित विभाग और जनप्रतिनिधियों का ध्यान आकर्षित किया गया था, लेकिन अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई। उन्होंने कहा कि विद्यालय परिसर में बार-बार जलभराव होना विद्यार्थियों की सुरक्षा और शिक्षा व्यवस्था पर गंभीर प्रश्नचिह्न खड़ा करता है।
नायक ने बताया कि इस संबंध में उन्होंने शिक्षा मंत्री से भी चर्चा की थी। मंत्री ने स्थानीय स्तर पर जनप्रतिनिधियों और अधिकारियों से संपर्क करने की सलाह दी थी, लेकिन समस्या का समाधान अब तक नहीं हो पाया है।
स्थानीय नागरिक अभिषेक पाराशर ने कहा कि यदि जल्द ही विद्यालय में जलनिकासी की समुचित व्यवस्था नहीं की गई तो क्षेत्रवासियों को आंदोलन का रास्ता अपनाना पड़ सकता है। उन्होंने प्रशासन से विद्यार्थियों के हित में तत्काल प्रभाव से आवश्यक कदम उठाने की मांग की।
क्षेत्रवासियों का कहना है कि बरसात का मौसम शुरू होने से पहले विद्यालय परिसर में जलभराव की समस्या का स्थायी समाधान किया जाना आवश्यक है, ताकि विद्यार्थियों को सुरक्षित और बेहतर शैक्षणिक वातावरण उपलब्ध कराया जा सके।
